भारतीय टीम के साथ कोच बनकर आयरलैंड नहीं जाएंगे लक्ष्मण, इस दिन उड़ान भरेगी टीम इंडिया
India tour of Ireland: आयरलैंड दौरे पर तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम अगले कुछ ही दिनों में उड़ान भरने वाली है। कहा जा रहा था कि वीवीएस लक्ष्मण इस टीम के कोच के रूप में साथ जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। लक्ष्मण टीम के कोच नहीं होंगे।
भारतीय टीम का कप्तान जसप्रीत बुमराह को बनाया गया है और टीम 15 अगस्त को डब्लिन जाने वाली है। राहुल द्रविड़ इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर गई टीम के साथ हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि द्रविड़ की जगह वीवीएस लक्ष्मण आयरलैंड दौरे पर कोच बनकर जाएंगे।

अब यह कहा गया है कि नेशनल क्रिकेट एकेडमी के हेड लक्ष्मण इस टीम के कोच नहीं होंगे। हालांकि साईराज बहुतुले और सितांशु कोटक जैसे अन्य कोच सहयोगी स्टाफ की भूमिका में दिखेंगे। तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज 18 अगस्त से शुरू हो रही है। आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के तीनों टी20 मुकाबले डब्लिन में ही खेले जाएंगे।
इस सीरीज के दौरान निगाहें जसप्रीत बुमराह के ऊपर रहने वाली हैं। बुमराह चोट के बाद वापस आए हैं और उनको कप्तानी भी सौंपी गई है। बुमराह को पूरी तरह से फिट होने के लिए कुछ मैच खेलने होंगे। एशिया कप और वर्ल्ड कप के लिए वह आयरलैंड दौरे पर खेलकर फिटनेस पा सकते हैं।
टीम इंडिया का उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को बनाया गया है। गायकवाड़ को एशियन गेम्स की भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है। आयरलैंड दौरे पर सबसे सीनियर खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह हैं। इस वजह से उनको टीम की कमान थमाई गई है। देखना होगा कि वह कप्तानी में किस तरह अपनी रणनीति दर्शाते हैं।
आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम
जसप्रित बुमराह (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, आवेश खान।












Click it and Unblock the Notifications