ऋषभ पंत ने इंग्लैंड को उसी अंदाज में दिया जवाब, जडेजा के साथ मिलकर किया पलटवार
बर्मिंघम, 1 जुलाई: इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे एजबेस्टन टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की और टॉप ऑर्डर धराशाई हो गया। इसके लिए जेम्स एंडरसन और मैटी पॉट्स जिम्मेदार रहे जिन्होंने क्रमश: 3 व 2 विकेट लिए। एक समय भारतीय टीम 98 रनों पर पांच विकेट खोने के बाद संघर्ष कर रही थी, तब ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा की बाएं हाथ की जोड़ी ने मोर्चा संभाला।

दोनों ही खिलाड़ियों ने इंग्लैंड को उसके स्टाइल में जवाब दिया और आक्रमक साझेदारी करते हुए चाय काल तक 76 रन अपनी पार्टनरशिप में बना लिए थे। इस दौरान पंत ने तूफानी तेवर दिखाए, वे इसके लिए ही जाने जाते हैं। पंत ने चायकाल तक 52 गेंदों पर 53 रन बना लिए थे जिसमें 6 चौके व एक छक्का लगाया। दूसरी और रविंद्र जडेजा ने भी उनका बखूबी साथ निभाया और 65 गेंदों पर 32 रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले शुबमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने अच्छी शुरुआत देने में विफलता हासिल की क्योंकि गिल को केवल 7 रनों के स्कोर पर जेम्स एंडरसन ने चलता कर दिया और फिर 13 रनों के स्कोर पर चेतेश्वर पुजारा भी इसी गेंदबाज का शिकार हुए। हनुमा विहारी अच्छा खेल रहे थे लेकिन नंबर 3 पर आया यह बल्लेबाज भी 20 रन पर मैटी पॉट्स की गेंद पर पगबाधा आउट हो गया।
ऐसे में विराट कोहली और श्रेयस अय्यर की जोड़ी से काफी उम्मीदें थी लेकिन विराट की खराब फॉर्म लगातार जारी है और वे 11 रन बनाकर पॉट्स की गेंद पर प्लेड-ऑन हो गए। इसके बाद श्रेयस अय्यर भी 15 रनों के स्कोर पर जेम्स एंडरसन की गेंद पर सेम बिलिंग के हाथों लपके गए। यह विकेट के पीछे लिया बेहतरीन कैच था।
अभी तक जेम्स एंडरसन ने 15 ओवर में 41 रन देकर तीन और मैटी पॉट्स ने 9 ओवर में 39 रन देकर दो विकेट हासिल कर लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications