IND vs ENG: पंत के आउट होते ही पलटा गेम, टीम इंडिया हुई ऑल आउट, इंग्लैंड को इतने रनों का लक्ष्य
IND vs ENG: लीड्स टेस्ट अब रोमांचक मोड़ पर आ गया है, मैच के चौथे दिन के अंतिम सेशन में टीम इंडिया की दूसरी पारी समाप्त हो गई। भारत के लिए केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़े, अन्य सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। भारत की दूसरी पारी 364 रनों पर समाप्त हुई।
दिन की शुरुआत में ही भारतीय टीम ने कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया, वह महज 8 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। इस समय स्कोर 3 विकेट पर 92 रन हो गया था। यहां से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला और स्कोर लम्बा लेकर चले गए।

केएल राहुल और पंत ने पारी आगे बढ़ाई और नियमित रन बनाते चले गए। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 195 रनों की भागीदारी की, इसमें ज्यादा रन पंत के थे क्योंकि वह तेजी से खेल रहे थे और केएल राहुल धीमी गति से रन बनाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान दोनों ने सैकड़ा जमा दिया।
केएल राहुल ने डेढ़ साल बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक जमाया। वहीं पंत ने इस मैच में दूसरा शतक जमाया, वह पहली पारी में भी शतक जड़ने में सफल रहे थे। पंत इंग्लैंड में दोनों पारियों में सैकड़ा जमाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। यह उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
IND vs ENG: पंत के आउट होने पर पलटा गेम
सैकड़ा जमाने के बाद पंत आउट हो गए, वह 118 रन बना चलते बने। अब स्कोर 287/4 था। केएल राहुल भी 137 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। करुण नायर का बल्ला दूसरी पारी में भी खामोश ही रहा, वह महज 20 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चले गए।
IND vs ENG: नई गेंद से सिमटी टीम इंडिया
भारत को परेशानी तब हुई, जब इंग्लैंड ने दूसरी नई गेंद ली। पहली पारी में भी कुछ यही देखने को मिला था। टीम इंडिया ने 287 रनों पर चौथा विकेट ऋषभ पंत के रूप में गंवाया और 349 रनों तक नौवां विकेट भी गिर गया। जडेजा ने क्रीज पर खड़े होकर नाबाद 24 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया 364 के कुल स्कोर पर ऑल आउट हो गई। इंग्लैंड के लिए टंग और कार्स ने 3-3 विकेट झटके। बशीर को 2 विकेट मिले। इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य मिला।
अंतिम समय में इंग्लैंड को बैटिंग करने का मौका मिला और एक भी विकेट गंवाए बगैर इंग्लिश टीम ने 21 रन बनाए। जैक क्रॉली 12 और बेन डकेट 9 रन बनाकर क्रीज पर थे। इंग्लैंड को अंतिम दिन जीत दर्ज करने के लिए 350 रनों की और जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications