Ind vs Eng: सेमीफाइनल में भारत की शर्मनाक हार, इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीता मैच
Ind Vs Eng: विश्वकप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया है। भारत के 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने पूरे मैच में अपना वर्चस्व दिखाया और भारत के गेंदबाजों को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। मैच में जोस बटलर ने 80 और एलेक्स हेल्स ने 86 रनों की नाबाद पारी खेली और इंग्लैंड को 16वें ओवर में ही जीत दिला दी। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का विश्वकप में सफर खत्म हो गया है। भारत के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ इंग्लैंड की टीम फाइनल में पहुंच गई है। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की टीम 13 नवंबर को एमसीजी में पाकिस्तान के साथ खेलेगी।

Recommended Video
भारत के 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने आतिशी शुरुआत की। दोनों ही सलामी बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाते हुए भारत के गेंदबाजों पर दबाव डाला। पावर प्ले में इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए 63 रन ठोक डाले। जोस बटलर और एलेक्स हेल्स जबरदस्त फॉर्म में नजर आए। एलेक्स हेल्स ने सिर्फ 28 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया। शुरू के 9 ओवर में रोहित शर्मा ने 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। अर्शदीप सिंह से सिर्फ 1 ओवर कराया गया। जबकि अक्षर पटेल से 3 ओवर कराए गए, जिसमे उन्होंने 28 रन खर्च किए। वहीं रविचंद्रन अश्विन ने एक ओवर में 12 रन दिए। भुवनेश्वर कुमार ने अपने शुरू के 2 ओवर में 25 रन खर्च किए। शुरू के 9 ओवर में एक भी विकेट नहीं मिलने से भारत के गेंदबाज काफी दबाव में नजर आए और इंग्लैंड की टीम का पलड़ा कहीं भारी नजर आ रहा था।
भारत की बल्लेबाजी की शुरुआत करें तोभारत की शुरुआत अच्छी नहीं हुई, केएल राहुल सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं रोहित शर्मा 27 रन के स्कोर पर पवेलियन पहुंच गए। हालांकि विराट कोहली और हार्दिक पांड्या ने टीम को संभालते हुए अर्धशतकीय पारी खेली और टीम के स्कोर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। लेकिन जिस तरह से भारतीय टीम पावर प्ले में स्कोर नहीं बना सकी उसकी वजह से टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी।












Click it and Unblock the Notifications