'हमसे बहादुर कोई नहीं होगा', टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंकने वाले स्टोक्स ने दी दुनिया को चुनौती
बर्मिंघम, 5 जुलाई: इंग्लैंड की टीम ने साबित कर दिया की सोच बदल दी जाए तो कुछ भी बदला जा सकता है। जिस टेस्ट क्रिकेट में चौथी पारी के दौरान 300 प्लस रनों का टारगेट मिलने पर चेज करने वाली टीम की 80 प्रतिशत हार तय मान ली जाती थी, उसी क्रिकेट में बेन स्टोक्स और ब्रेडन मैकुलम ने नया नजरिया भर दिया। इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान ये साबित करके दिखाया और फिर भारत के खिलाफ मैच जीतकर बताया कि यह सोच तुक्का नहीं बल्कि पूरी बहादुरी, आत्मविश्वास, प्लानिंग और गजब की ईमानदारी दिखाए बिना संभव नहीं है।

इंग्लैंड एक महान क्रिकेट टीम बनने की महत्वकांक्षा रख सकती है
इंग्लैंड क्रिकेट का घर है और वहां से सफेद गेंद क्रिकेट का नया ब्रांड उभरा है जहां कसाई की तरह मारकाट करने वाले बल्लेबाजों की भरमार है। लेकिन टेस्ट फॉर्मेट में यह टीम सिर्फ बढ़िया रही, सफेद गेंद क्रिकेट की तरह महान नहीं बन पाई। पर अब इंग्लैंड एक महान क्रिकेट टीम बनने की महत्वकांक्षा रख सकती है क्योंकि उनका मकसद मैच जीतने से बड़ा है।

हमसे बहादुर कोई नहीं होगा
यह मकसद है फैंस के लिए खेलना, उनका मनोरंजन करना, टेस्ट क्रिकेट को अधिक लोगों तक पहुंचाना। स्टोक्स का कहना है हमसे बहादुर कोई नहीं होगा। यह बात स्टोक्स के मुंह से ही अच्छी लग सकती है। ऐसा विशुद्ध ऑलराउंडर टेस्ट क्रिकेट में अब मौजूद नहीं है, वे अपनी तरह के इस वक्त अकेले ऑलराउंडर हैं और अब कप्तान भी हैं।

क्रिकेट के इतिहास में अपना अब तक का सर्वोच्च सफल पीछा
स्टोक्स ने कहा कि 378 रनों का टारगेट कुछ ज्यादा नहीं लग रहा था, इसने हमको डराया भी नहीं। स्टोक्स ने जैक लीच की एक लाइन कही कि दुनिया में इंग्लैंड से बेहतर टीमें होती रहेंगी लेकिन नई सोच को अपनाने में इंग्लैंड से बहादुर कोई नहीं होगा।
इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अपना अब तक का सर्वोच्च सफल पीछा करते हुए केवल 76.4 ओवरों में 378 रन बनाकर प्रति ओवर 5 रन के करीब स्कोर किया। यह 275 से अधिक के लक्ष्य का इंग्लैंड का चौथा सफल पीछा था और इस दौरान जॉनी बेयरस्टो और जो रूट ने 269 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली और 7 विकेट शेष रहते लक्ष्य का पीछा करने में मदद की।

कभी-कभी टीमें हमसे बेहतर होती हैं लेकिन...
स्टोक्स ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, "यह खिलाड़ियों पर निर्भर करता है, जिससे मेरा काम आसान हो जाता है। जब आपके ड्रेसिंग रूम में स्पष्टता होती है तो यह उस तरह के टोटल को आसान बना देता है। 378 पांच हफ्ते पहले डरावना होता, लेकिन यह अब अच्छा है। कभी-कभी टीमें हमसे बेहतर होती हैं, लेकिन जैक लीच के अनुसार हमसे बहादुर कोई नहीं होगा।"
स्टोक्स ने आउट-ऑफ-फॉर्म सलामी बल्लेबाज एलेक्स लीज और जैक क्रॉली को श्रेय दिया, जिन्होंने मोहम्मद शमी और स्टैंड-इन कप्तान जसप्रीत बुमराह का सामना करने के लिए केवल 20 ओवरों में 107 रनों की शुरुआत की और बाद के बल्लेबाजों के लिए ठोस मंच प्रदान किया।

टेस्ट क्रिकेट कैसे खेला जा रहा है
स्टोक्स ने कहा, "हम फिर से लिखने की कोशिश कर रहे हैं कि टेस्ट क्रिकेट कैसे खेला जा रहा है, विशेष रूप से इंग्लैंड में। यह हमेशा टॉप पर बने रहने के बारे में नहीं है, बल्कि दस विकेट लेने के बारे में है।
इस बीच, स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट के प्रति उनके दृष्टिकोण का समर्थन करने के लिए इंग्लैंड टेस्ट टीम के समर्थकों को धन्यवाद दिया। स्टोक्स ने जो रूट से कप्तान के रूप में कार्यभार संभालने के बाद इंग्लैंड को लगातार 4 जीत दिलाई है। स्टोक्स और मैकुलम से पहले इंग्लैंड ने अपने पिछले 17 टेस्ट मैचों में से केवल 2 जीते थे।












Click it and Unblock the Notifications