'वो विराट कोहली के बाद भारत का अगला बड़ा बल्लेबाज है', वसीम जाफर हुए इस होनहार युवा के मुरीद
विराट कोहली के करियर की ढलती संध्या पर भारत को फिर ऐसे खिलाड़ी की दरकार है जो सभी फॉर्मेट में खेवनहार साबित हो सके और यहां पर एक युवा खिलाड़ी बड़ी उम्मीदें जगा रहा है जिसका नाम वसीम जाफर ने लिया है।

बांग्लादेश के खिलाफ भारत का पहला टेस्ट मैच शुबमन गिल और चेतेश्वर पुजारा के लिए काफी खास रहा क्योंकि दोनों ने करियर के खास शतक लगाए। पुजारा ने तीन साल बाद शतक लगाकर टेस्ट में अपना सूखा समाप्त किया तो गिल का ये पहला टेस्ट शतक था। इन दोनों की बैटिंग काफी तेज भी रही जिसने भारत को जरूरी समय पर पारी घोषित करने में मदद की। शुबमन गिल पिछले कुछ समय से मिले हुए मौकों को अलग लेवल पर भुना रहे हैं। वनडे के बाद उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भी खास प्रदर्शन किया है।
भारत ढूंढ रहा है कोहली के बाद कोई ऐसा बल्लेबाज
भारत लंबे समय से ऐसे बल्लेबाजों को ढूंढ रहा है जो कम से कम एक दशक टीम की बैटिंग को अपने कंधों पर ढो सके। सचिन ने ये काम किया जिसके बाद विराट कोहली भी आए। दोनों को बहुत सफलताएं मिली। इस बीच धोनी, युवराज, रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी भी आए जिनकी अधिकतर सफलता सफेद गेंद क्रिकेट तक सीमित होकर रह गई। अब कोहली के करियर की ढलती संध्या पर भारत को फिर ऐसे खिलाड़ी की दरकार है जो सभी फॉर्मेट में खेवनहार साबित हो सके और यही पर शुबमन गिल उम्मीद जगाते हैं।

वसीम जाफर ने लिया शुबमन गिल का नाम
इस बारे में ईएसपीएनक्रिकइंफों पर बात करते हुए वसीम जाफर ने कहा है, गिल ने वनडे मे सेंचुरी की हुई है लेकिन ये उनका पहला टेस्ट शतक था। वे क्लास प्लेयर हैं, मैं उनके बारे में और भी बातें कहना चाहूंगा कि विराट कोहली के बाद वे भारतीय खेमे से अगले बड़े बल्लेबाज के तौर पर आ रहे हैं। वे तीनों फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं और मुझे शुबमन गिल से और ज्यादा बड़ी चीजें देखने की उम्मीदें हैं।
जाफर का कहना है कि गिल के शतक के बाद हो सकता है रोहित के आने के बाद भी उन्हें बाहर ना किया जाए लेकिन ओपनिंग स्लॉट से हटाकर मिडिल ऑर्डर पर जगह दी जाए। ऐसे में किसी स्पिनर को बाहर करना होगा। भारत फिलहाल तीन स्पिनरों के साथ खेल रहा है।
शुबमन गिल को मिडिल ऑर्डर में खिला सकते हैं-
जाफर ने इस बारे में आगे कहा, गिल को मिडिल ऑर्डर में कोई समस्या नहीं है और वे वहां पर खेल चुके हैं। उनको इसकी आदत है। ओपनरों को मिडिल ऑर्डर में भेजना बड़ी बात नही है लेकिन आप स्पिन को खेलने के आदी होते हो। लेकिन जब मिडिल ऑर्डर को ओपनिंग में भेज दो तो दिक्कत हो सकती है क्योंकि तब ताजा पिच पर नई हार्ड बॉल को खेलने की आदत आपको नहीं होती। अगर गिल को नंबर पांच दिया जाता है तो उनको सूट करेगा। ओपनर के तौर पर आप बड़ी पारी खेलते हुए पुरानी गेंद का सामना करते हो। तो मुझे यकीन है गिल वहां पर खेल पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications