IND vs BAN: रोहित शर्मा और ये तेज गेंदबाज बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर
भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा अंगूठे की चोट से उभर नहीं पाए हैं और वे बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। वे बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।

भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज नवदीप सैनी बांग्लदेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। भारत ने पहला मैच जीत लिया था और दूसरा मुकाबला कल यानी बुधवार से शुरू हो रहा है। पहले माना जा रहा था रोहित वापसी कर लेंगे क्योंकि उनके फिट होने और टीम इंडिया के खेमे में वापसी करने की रिपोर्ट आई थी लेकिन अब पता चला है कि रोहित बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। रोहित को बांग्लादेश में दूसरा वनडे मैच खेलते हुए ढाका में बाए अंगूठे में चोट लग गई थी।
बीसीसीआई ने एक रिलीज में कहा, इस चोट को ठीक होने में और वक्त लगेगा। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने कहा है कि इसके बाद ही भारतीय कप्तान के लिए पूरी क्षमता के साथ मैदान में उतरना सही रहेगा। रोहित अपना रिहैब जारी रखेंगे और बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे व अंतिम टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
बीसीसीआई की सिलेक्शन कमेटी ने पहले ही रोहित के रिप्लेसमेंट के तौर पर अभिमन्यू ईश्वरन का नाम दिया है। उनको अभी रुकने के लिए कहा जाएगा। साथ ही पेसर नवदीप सैनी को पेट की मसल्स में स्ट्रेन के चलते बाहर होना पड़ा है। बीसीसीआई ने बताया तेज गेंदबाज अब एनसीए को रिपोर्ट करेगा ताकि उनकी चोट के लिए आगे का मैनेजमेंट संभव हो सके।
भारत ने पहले टेस्ट मैच में शुबमन गिल, चेतेश्वर पुजारा के शतक, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की प्रभावशाली गेंदबाजी के चलते बांग्लादेश को 188 रनों से हरा दिया था। तेज गेंदबाजी ने भी उल्लेखनीय योगदान दिया था जिसमें मोहम्मद सिराज पहली पारी में तीन विकेट लेने में कामयाब रहे थे। उमेश यादव ने दूसरी पारी में बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारत की अपडेटेड टीम: केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (कीपर), केएस भरत (कीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव शार्दुल ठाकुर, मो. सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट












Click it and Unblock the Notifications