रविचंद्रन अश्विन ने दिखा दिया है कि कैसे उन्होंने 5 टेस्ट शतक जड़े हैं, पूर्व दिग्गज खिलाड़ी की प्रतिक्रिया
रविचंद्रन अश्विन ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर भारत को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में जीत दिला दी। टीम इंडिया ने सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।

IND vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में खेले गए दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने 3 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया। रविचंद्रन अश्विन और श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया की जीत का क्रेडिट मिलना चाहिए। दोनों ने मिलकर आठवें विकेट के लिए अविजित साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई। रविचंद्रन अश्विन की बैटिंग से सुनील गावस्कर काफी खुश दिखाई दे रहे हैं। गावस्कर ने अश्विन की तारीफ की है।
सोनी स्पोर्ट्स पर सुनील गावस्कर ने कहा कि अय्यर और अश्विन दोनों क्रीज पर एकदम शांत दिख रहे थे। अश्विन शानदार क्रिकेटर रहे हैं। लोग उनकी गेंदबाजी की बात ही करते हैं लेकिन उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में पांच शतक भी हैं। आज अपनी बल्लेबाजी से अश्विन ने बता दिया कि ये पांच शतक उन्होंने कैसे लगाए हैं। उनकी पारी बेहतरीन रही और श्रेयस अय्यर के साथ एक शानदार पार्टनरशिप रही।
गावस्कर ने यह भी कहा कि अश्विन और अय्यर ने शॉट खेलने के लिए मिले मौकों का पूरा लाभ उठाया। दोनों शॉट खेलने से नहीं डरे। अय्यर का कवर के ऊपर से खेला गया लॉफ्टेड शॉट गेंदबाज को लम्बाई कम करने के लिए मजबूर करने वाला था। इससे गेंदबाज को शॉर्ट गेंदबाजी करनी पड़ी।
गौरतलब है कि बांग्लादेश के स्पिनरों ने भारतीय टीम के लिए दूसरी पारी में मुश्किलें खड़ी कर दी थी। बांग्लादेश ने टीम इंडिया के 7 विकेट 74 रनों के कुल स्कोर पर झटके थे। इसके बाद पूरी उम्मीदें श्रेयस अय्यर और अश्विन के ऊपर थीं। दोनों ने निराश नहीं किया और अपने अनुभव का भरपूर लाभ उठाते हुए बांग्लादेशी गेंदबाजों का जमकर सामना किया। दोनों ने अपने स्वाभाविक अंदाज में बैटिंग की और गेंदबाजों को दबाव में लाने का काम किया। अश्विन ने नाबाद 42 और अय्यर ने नाबाद 29 रन बनाते हुए टीम इंडिया को मैच जिता दिया।












Click it and Unblock the Notifications