IND vs AUS: पिच को लेकर हो रही हाय-तौबा पर क्या बोले राहुल द्रविड़, WTC ने बदल दिए हैं टेस्ट खेलने के तरीके
अहमदाबाद टेस्ट मैच के लिए भी फिलहाल दो पिचों की तस्वीरें सामने आने से उत्सुकता और ज्यादा बढ़ गई है। इसी बीच राहुल द्रविड़ ने इंदौर टेस्ट की पिच को लेकर बात की है और दुनिया में पिच को लेकर बात की है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर सीरीज के दौरान सबसे ज्यादा पिचों को लेकर बातें हो रही हैं। इंदौर में पिच ने जैसा बर्ताव किया उससे मैच रेफरी क्रिस ब्राड बहुत खफा हो गए और फिर आईसीसी ने पिच को खराब रेट किया। मैच के बाद रोहित शर्मा पिच का बचाव करते हुए नजर आए थे जिन्होंने कहा कि पिच को लेकर ज्यादा बात मत कीजिए क्योंकि मुद्दे और भी हैं। अब भारत के कोच राहुल द्रविड़ का भी यही कहना है कि पिच को लेकर कुछ ज्यादा ही जोर दिया जा रहा है।
द्रविड़ का कहना है कि पिच जैसी भी बनाई जाती हैं, दोनों टीमों के लिए एक जैसी होती हैं और पिछले तीन-चार साल से ऐसी पिचों को बनाया जा रहा है जहां पर रिजल्ट तेजी से आ रहे हैं क्योंकि सब वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप को ध्यान में रखते हैं। ये सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया में कई जगह हो रहा है।
द्रविड़ का ये भी कहना है कि इंदौर की पिच को लेकर मैच रेफरी ने जो भी कुछ कहा हो लेकिन आपको ऐसी पिच पर खेलना आना चाहिए। कई बार रिजल्ट हासिल करने के लिए एक ऐसा विकेट बनाना मुश्किल हो जाता है जिस पर बैलेंस पूरी तरह परफेक्ट हो। कभी विकेट बल्लेबाजों के पक्ष में झुका मिलता है तो कभी गेंदबाजों के।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा सीरीज में स्पिन के अनुकूल विकेट देखने को मिले हैं जहां पर रोहित शर्मा के रूप में केवल एक शतक लगा है और 7 अर्धशतक देखे गए हैं। ऑस्ट्रेलिया केवल एक ही बार 200 का स्कोर पार कर पाया है जबकि भारत ने एक बार 400 का स्कोर पार किया है। पिच पर जडेजा, अश्विन, लियोन ने चांदी काटी है। द्रविड़ का कहना है अब हर कोई ऐसी विकेट बना रहा है जो रिजल्ट दे।
राहुल का कहना है अगर इंदौर में भारत ने पहली पारी में केवल 60-70 रन भी फालतू बना लिए होते तो नतीजा बदल जाता। साथ ही ऑस्ट्रेलिया को भी पहली पारी में ज्यादा रन बनाने दिए गए। भारत को अब 9 मार्च को अहमदाबाद में टेस्ट मैच खेलना है जो सामान्य विकेट बताया जा रहा है। यहां पर दो पिचें दिखाई जा रही हैं जिसको लेकर कंफ्यूजन बढ़ गया है कि मैच वाली पिच कैसी होगी।












Click it and Unblock the Notifications