फिंच का ऐलान, भारत के खिलाफ No-3 पर खेलेगा ये बल्लेबाज… 140 के स्ट्राइक रेट से बनाता है रन
नई दिल्ली, 20 सितंबर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज से 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पहला मुकाबला मोहाली के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए दोनों टीमों के लिए ये सीरीज काफी अहम होने वाली है। हालांकि, भारत दौरे पर आने से पहले कंगारू टीम को बड़ा झटका लगा। मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस और मिचेल मार्श जैसे धुरंधर खिलाड़ी दौरे पर आने से पहले ही बाहर हो गए।

कौन लेगा मार्श की जगह
पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप के बाद से मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया के लिए नंबर-3 पर खेल रहे थे, लेकिन इस सीरीज से उनका बाहर हो जाना मेहमान टीम के लिए वाकई में बड़ी क्षति है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरोन फिंच ने ये साफ कर दिया है कि कौन से खिलाड़ी भारत के खिलाफ नंबर-3 पर मार्श की जगह लेगा। फिंच के अनुसार, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ नंबर-3 पर बल्लेबाजी करेंगे।

क्या बोले फिंच?
सोमवार को मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कंगारू कैप्टन ने कहा, ''मार्श के बाहर होने के बाद स्टीव स्मिथ इस सीरीज में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे। स्मिथ उन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने कभी भी खेल के सभी प्रारूपों में खेला है। इसलिए हम जानते हैं कि उनके पास क्या कौशल और खेल की समझ है, साथ ही उनके पास जो टैक्टिकल कौशल है। इसलिए हम इस को लेकर आश्वस्त हैं कि टीम में उनको जो भी भूमिका दी जाएगी, वह उसे अच्छे निभाएंगे।''

खास तैयारी कर रहे हैं स्टीव
मैच से पहले नेट्स पर स्टीव स्मिथ को स्वीप शॉट का अभ्यास करते देखा गया। जब इस बारे में फिंच से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ''ऐसा कुछ नहीं है जैसे हमने विशेष रूप से ड्रेसिंग रूम में स्वीप शॉट खेलने के बारे में बात की है, लेकिन यह एक अभ्यास था कि खिलाड़ियों को मिडिल ओवर में क्या सामना करना पड़ सकता है। आप कभी भी उस शॉट को अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेलना चाहते आना चाहते जिसका आपने अभ्यास ना किया हो। टीम के कुछ लोग सिर्फ विकल्प खुले रखने के लिए अपने खेल में स्वीप और लैप्स जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।''

नंबर-3 पर कैसा है स्मिथ का प्रदर्शन
नंबर-3 पर भी स्टीव स्मिथ का बल्ला आग उगलता है। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने इस क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 16 पारियों में 36.79 की औसत और 140 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ कुल 515 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धयशतक देखने को मिले। वहीं, भारत के खिलाफ ओवरऑल इस फॉर्मेट में उन्होंने 6 मैचों में 21.20 की औसत से कुल 106 रन बनाए हैं।

टी20 सीरीज के लिए दोनों टीमें
- भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
- ऑस्ट्रेलिया टीम: एरोन फिंच (कप्तान), स्टीवन स्मिथ, टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, एश्टन एगर, कैमरन ग्रीन, डेनियल सैम्स, सीन एबॉट, जोश इंगलिस, मैथ्यू वेड, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, केन रिचर्डसन, एडम जम्पा, नाथन एलिस।












Click it and Unblock the Notifications