'मियां भाई' को ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने बताया बेवकूफ क्रिकेटर, आखिर सिराज से मैदान पर हुई कौन सी गलती
IND vs AUS Mohammed Siraj: मोहम्मद सिराज को ऑस्ट्रेलिया में लगातार आलोचनाओं और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेविस हेड से लड़ाई के बाद वहां के फैंस से लेकर पूर्व क्रिकेटर तक सभी सिराज को निशाने पर ले रहे हैं। सिराज के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई फैंस की हूटिंग और अपशब्दों का सिलसिला जारी है। इस बीच अब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने उन्हें लेकर अजीब बयान दिया है।
सिराज को बताया बेवकूफ क्रिकेटर
जब ट्रेविस हेड 58 रन पर बैटिंग कर रहे थे तो सिराज ने उन्हें एक तेज बाउंसर मारी। जिसे हेड ने खूबसूरती से थर्ड मैन की दिशा में खेला और चार रन बटोर लिए। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज साइमन कैटिच उस समय कमेंट्री कर रहे थे, इस शॉट को देखकर वह थोड़े चिढ़े हुए दिखाई दिए और उन्होंने सिराज की गेंदबाजी को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यहां सिराज ने बेवकूफी की। यह बिल्कुल बेवकूफी से भरा हुआ क्रिकेट है।

कैटिच ने क्यों दिया ऐसा बयान
सिराज ने बिना पीछे फील्डर लिए ही बाउंसर गेंदबाजी की। कैटिच ने कमेंट्री में बताया कि बिना फील्डर के बाउंसर फेंकना एक जोखिम भरा निर्णय होता है। आमतौर पर बाउंसर फेंकने के लिए एक सही फील्ड सेटअप की आवश्यकता होती है, ताकि गेंदबाज का प्लान कारगर हो सके। अगर तीसरे मैन या कोई अन्य फील्डर उस क्षेत्र में तैनात नहीं है, तो यह गेंद नहीं करना चाहिए।
दूसरे दिन का खेल समाप्त
दूसरे दिन के खेल के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 405 रन बनाए। जिसमें मिचेल स्टार्क और एलेक्स कैरी नाबाद हैं। ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने शानदार शतकीय पारियां खेली, जिनमें हेड ने 152 रन और स्मिथ ने 101 रन बनाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए।












Click it and Unblock the Notifications