IND vs AUS: 'इस विकेट पर मेरे खिलाफ ये गलत रणनीति थी', रवींद्र जडेजा ने बनाया कंगारूओं के स्वीप मारने का मजाक
IND vs AUS: जडेजा ने कहा कि दिल्ली की तरह विकेटों पर उनकी गेंदबाजी के खिलाफ स्वीप शॉट खेलना अच्छा विकल्प नहीं था। ऐसी पिच पर जहां स्पिनरों का दबदबा था, कई ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने स्वीप शॉट्स मारे और पगबाधा आउट हो गए।

Australia Batter Sweep Shot: रवींद्र जडेजा गेंद के साथ ऑस्ट्रेलिया का मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में जो बेड़ा गर्क कर रहे हैं उसके चलते कंगारूओं को 4-0 से भी सूपड़ा साफ हो सकता है। जडेजा अब तक दो टेस्ट मैचों में बल्ले से कुछ उपयोगी करने के साथ गेंदबाजी में 17 विकेट लेकर सनसनी मचा चुके हैं। वे दोनों ही मुकाबलों में मैन ऑफ द सीरीज साबित हए और उनकी सटीक गेंदबाजी इन पिचों पर बहुत ही जबरदस्त आग उगल रही हैं। अब भारत ने रविवार को चार मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को बरकरार रखने का काम भी कर दिया है। लगातार दो टेस्ट मैचों में भारतीय टीम ने तीन दिनों के अंदर मैच को समाप्त कर दिया।

स्वीप शॉट खेलना अच्छा विकल्प नहीं था
कंगारूओं ने एक गलती ये की कि दिल्ली की पिच पर जडेजा की बॉलिंग के सामने स्वीप खेलते गए। उन्होंने अश्विन के सामने भी यही किया और हास्यापस्द तरीके से आउट होते गए। ऐसे में मैच के बाद जडेजा ने मजाक में कहा कि दिल्ली की तरह विकेटों पर उनकी गेंदबाजी के खिलाफ स्वीप शॉट खेलना अच्छा विकल्प नहीं था। ऐसी पिच पर जहां स्पिनरों का दबदबा था, कई ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने स्वीप शॉट्स मारे और पगबाधा आउट हो गए।

ऑस्ट्रेलिया की घबराई हुई बल्लेबाजी
रवींद्र जडेजा ने कहा, "मुझे लगता है कि मैं अपनी गेंदबाजी का लुत्फ उठा रहा था। ये विकेट मुझे सूट करते हैं क्योंकि कुछ बॉल स्पिन होती है और कुछ नीचे रहती हैं। मुझे पता था कि वे स्वीप और रिवर्स स्वीप खेलेंगे, इसलिए मेरा काम बॉलिंग को सीधी और सिंपल रखने का था।"
रविवार की एक नाटकीय सुबह में जडेजा ने करियर का सर्वश्रेष्ठ 7-42 दर्ज किया। इससे पहले भी उनका बेस्ट रिकॉर्ड 7 विकेट था लेकिन तब रन अधिक खर्च किए थे। बचा-खुचा काम ऑस्ट्रेलिया की घबराई हुई बल्लेबाजी लाइनअप द्वारा कर दिया गया। यह टेस्ट में जडेजा का 12वां पांच विकेट हॉल था, और उन्होंने 110 रन पर दस विकेट के साथ मैच का अंत किया।

मेरे खिलाफ स्वीप एक अच्छा विकल्प नहीं
जडेजा ने कहा, "मुझे पता था कि वे रनों की तलाश में थे, इसलिए योजना सिर्फ स्टंप्स में गेंदबाजी करने की थी। ऐसे में बल्लेबाज की एक भी गलती गेंदबाजी के लिए मौका बन जाती है। मुझे नहीं लगता कि इस तरह के विकेट पर मेरे खिलाफ स्वीप एक अच्छा विकल्प है।"
जडेजा को मैच में 10 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वे पहले नागपुर मुकाबले में भी इसी अवॉर्ड को हासिल करके यहां आए थे। खास बात है कि वे चोट के चलते लंबे समय क्रिकेट में वापस आए और कमाल किया।












Click it and Unblock the Notifications