IND vs AUS: स्टीव स्मिथ को फिर से स्थायी कप्तान बनाना गलत नहीं है, पाकिस्तान से आई प्रतिक्रिया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेट से हरा दिया था।

IND vs AUS: इंदौर टेस्ट में स्टीव स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत दर्ज की है। पिछले दस साल में स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने दो बार भारत में जीत हासिल की है। कमिंस की अनुपस्थिति में स्मिथ को कप्तान बनाया गया था। कई बार उनको स्थायी तौर पर कप्तान बनाने की मांग भी होती रही है। इन सबके बीच पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया का मानना है कि स्टीव स्मिथ को स्थायी रूप से कप्तान बनाना गलत नहीं होगा भले ही वह बॉल टैम्परिंग मामले के बाद हटाये गए थे।
स्मिथ को स्थायी कप्तान बनाया जा सकता है
अपने यूट्यूब चैनल पर कनेरिया ने कहा कि स्टीव स्मिथ ने टीम को अच्छी तरह लीड किया। वह काफी समय से कप्तानी से दूर रहे हैं और इसका कारण सैंडपेपरगेट था। मैं समझता हूं कि अब स्मिथ को कप्तानी करते हुए और ज्यादा देखा जाएगा। उनको कप्तानी में फिर से लाना गलत चीज नहीं हो सकती है। इंदौर में स्मिथ की कप्तानी पर उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने आक्रामक फील्डिंग लगाई और सीमा रेखा पर बड़े शॉट के लिए एक फील्डर लगाया। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को शॉट जड़ने के लिए ललचाया।
भारत ने आक्रामक फील्ड सेट नहीं की
तीसरे दिन रोहित शर्मा की कप्तानी से कनेरिया निराश दिखे। उन्होंने कहा कि लक्ष्य 76 रनों का था लेकिन आपने इसे ऑस्ट्रेलिया के लिए मुश्किल बनाने का प्रयास नहीं किया। आपने फील्डरों को बाउंड्री लाइन पर लगा दिया। ख्वाजा के विकेट में भी कोई आक्रामक फील्डिंग नहीं थी। कई लोगों ने सोचा था कि भारत जीतेगा, मुझे लगता है कि उन्होंने फैन्स को निराश किया है। उनको आक्रामक फील्ड सेट कर खुद पर भरोसा करना था।
स्पिन पिच पर नहीं चले भारतीय बल्लेबाज
गौरतलब है कि इंदौर टेस्ट मैच की रैंक टर्नर पिच पर भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप हो गई और पहले ही दिन 109 रन पर सिमट गई। इसके बाद उनको मैच में आने का मौका नहीं मिला। टीम इंडिया की तरफ से दूसरी पारी में पुजारा ने फिफ्टी जड़ी लेकिन ऑस्ट्रेलिया को 76 रनों का मामूली लक्ष्य मिला, इसे उन्होंने 1 विकेट पर हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications