IND vs AUS: चौथे टेस्ट के लिए शमी की होगी प्लेइंग XI में वापसी! तेज गेंदबाजों को मदद पहुंचाएगी अहमदाबाद की पिच
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे और आखिरी टेस्ट मैच में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो सकती है। इंदौर टेस्ट में उन्हें आराम दिया गया था।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट मैच हारने के बाद टीम इंडिया की नजर अब किसी भी तरह सीरीज का आखिरी टेस्ट जीतने पर है, क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में सीधा एंट्री पाने के लिए भारत को सीरीज का आखिरी मैच किसी भी हाल में जीतना होगा। चौथा और आखिरी टेस्ट मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 9 मार्च से शुरू होगा। इस सीरीज के तीनों मैचों में अभी तक स्पिनर्स का बोलबाला देखने को मिला है। नागपुर हो या दिल्ली या फिर इंदौर की पिच सभी जगह स्पिनर्स ने कमाल की गेंदबाजी की है, लेकिन अहमदाबाद की पिच को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि यहां स्पिनर्स की बजाए तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिलेगी और इसीलिए टीम इंडिया के खेमे से यह जानकारी है कि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चौथे टेस्ट में वापसी कर सकते हैं।
इंदौर टेस्ट में शमी को मिला था आराम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम के अनुभवी गेंदबाजों में से एक मोहम्मद शमी चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जा सकते हैं। इंदौर टेस्ट में शमी को आराम दिया गया था। उनकी जगह इंदौर में उमेश यादव को मौका मिला था। उमेश यादव के साथ मोहम्मद सिराज दूसरे तेज गेंदबाज के रूप में शामिल हुए थे। चौथे टेस्ट के लिए यह माना जा रहा है कि सिराज को आराम देकर शमी को वापस लाया जा सकता है। सिराज को आराम देने की वजह यह भी है कि वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 17 मार्च से शुरू होने वाली वनडे सीरीज का हिस्सा हैं। ऐसे में उन्हें कुछ आराम दिए जाने की संभावना है।
मोटेरा की सख्त पिच पर कारगर साबित होंगे शमी!
आपको बता दें कि चौथे टेस्ट के लिए शमी की प्लेइंग इलेवन में वापसी इसलिए अहम हो जाती है, क्योंकि वो रिवर्स स्विंग के माहिर गेंदबाज हैं और मोटेरा की सख्त और सूखी पिच पर उनकी रिवर्स स्विंग अच्छा काम कर सकती है। शमी ने अभी तक सीरीज के दो मुकाबलों में 30 ओवर गेंदबाजी की है और 7 विकेट अपने नाम किए हैं। मोटेरा की पिच को लेकर अभी यही कहा जा रहा है कि इस पिच पर स्पिनर्स को उतनी मदद नहीं मिलेगी, जितनी इंदौर या फिर दिल्ली में मिली थी। बता दें कि मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भी टीम का हिस्सा हैं।












Click it and Unblock the Notifications