फिंच, मैक्सवेल या स्मिथ नहीं.. ये खिलाड़ी बनेगा ऑस्ट्रेलिया के लिए X फैक्टर, महेला जयवर्धने ने बताया नाम
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज, 20 सितंबर को मोहाली में खेला जाएगा।
नई दिल्ली, 20 सितंबर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज, 20 सितंबर को मोहाली में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस मैच में सभी की निगाहें टिम डेविड पर टिकी होंगी। वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से अपनी पहली सीरीज खेलने जा रहे हैं। 26 साल के डेविड ने 2019 में सिंगापुर के लिए अपना T20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इस दौरान उन्होंने 14 मैचों में 158.52 के स्ट्राइक रेट से 558 रन बनाए। आईपीएल 2022 में उन्होंने मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए सभी को अपने खेल से प्रभावित किया। अगले महीनों ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप से पहले कंगारू टीम अच्छे फिनिशर को परखना चाहेगी।

लोअर ऑर्डर में बड़े शॉट लगा सकते
डेविड को आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस में करीब से परखने वाले श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की तारीफ की है। उन्होंने आईसीसी रिव्यू में कहा, "मुझे लगता है कि उसके पास खुल कर खेलने की आजादी होगी। अच्छी बात यह है कि उससे कोई उम्मीद नहीं है।" जयवर्धने ने कहा, "व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि यह एक शानदार जगह है। ऑस्ट्रेलिया के पास बहुत अच्छी लाइन-अप है और टिम उस छोटे से एक्स-फैक्टर को लाने जा रहे हैं यदि वे इसे नंबर 6 की भूमिका में उपयोग करना चाहते हैं, जो कि उन्हें एक बड़े हिटर की जरूरत है। इसलिए ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा है कि वह किसी ऐसे व्यक्ति पर वापस आ जाए जिसके पास वे विकल्प हों।"

उनके पास पावर गेम है
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने उन्हें "मैसिव एक्स-फैक्टर" बताया था। हेडन ने कहा था, "मुझे लगता है कि वह एक बड़े पैमाने पर एक्स-फैक्टर हैं। वह एक बड़े, शक्तिशाली युवा साथी हैं, जिनके पास पावर गेम है।" हेडन ने कहा था, "उनके लिए चुनौती टीम के लिए अच्छे प्रदर्शन पर हेागी। एक बार जब आप इंटरनेशनल लेवल पर पहुंच जाते हैं तो यह पूरी तरह से अलग खेल होता है। आपको अपने पीछे वह ठोस नींव रखने की जरूरत होती है। लेकिन वह एक्स-फैक्टर हैं इस बात से मैं 100 प्रतिशत सहमत हूं।"

ऑस्ट्रेलिया सीरीज का शेड्यूल
- पहला टी20: 20 सितंबर, मोहली
- दूसरा टी20: 23 सितंबर, नागपुर
- तीसरा टी20: 25 सितंबर, हैदराबाद

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
- भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
- ऑस्ट्रेलिया टीम: एरोन फिंच (कप्तान), स्टीवन स्मिथ, टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, एश्टन एगर, कैमरन ग्रीन, डेनियल सैम्स, सीन एबॉट, जोश इंगलिस, मैथ्यू वेड, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, केन रिचर्डसन, एडम जम्पा, नाथन एलिस।












Click it and Unblock the Notifications