IND vs AUS: 'यह तो बड़ी बेइज्जती वाली बात है,' दिल्ली टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया का दिग्गज भड़का
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने स्पिनरों को खिलाकर भी प्रयास किया लेकिन नतीजा वही रहा, दो खिलाड़ी दो टेस्ट मैचों में डेब्यू कर चुके हैं।

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ दिल्ली टेस्ट मैच में तीन स्पिनरों को खिलाया था लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ। टीम इंडिया ने इस मैच को 6 विकेट से जीतकर मेहमान टीम के ऊपर 2-0 से बढ़त हासिल कर ली। स्पिन गेंदबाजों को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने को लेकर पूर्व क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट ने ऑस्ट्रेलिया को लताड़ा है। गिलक्रिस्ट के अनुसार इस टीम में जिस खिलाड़ी को होना चाहिए था, उसको शामिल ही नहीं किया गया।

यह खिलाड़ी की बेइज्जती वाली बात हुई है
एश्टन एगर दूसरे स्पिनर के रूप में भारत जाने के बाद भी प्लेइंग इलेवन से बाहर रखे गए। SEN रेडियो से बातचीत में एडम गिलक्रिस्ट ने इस बात को पॉइंट आउट किया। गिलक्रिस्ट ने कहा कि यह एगर के लिए काफी बेइज्जती वाली बात है। किसी टूर पर आपको टीम में चुना जाता है, तो प्लेइंग इलेवन में उसे लिया जाता है जिसे आपने पहली पसंद के रूप में लिया है। कई टूर पर जाने की वजह से मैं इस बात को जानता हूं। एगर से मैंने बात नहीं की है लेकिन उनके लिए यह एक बड़ा झटका है। देखना होगा कि आगे उनको लेकर क्या किया जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया ने कराया दो स्पिनरों का डेब्यू
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया के पहले स्पिनर नाथन लायन हैं। उनके बाद एश्टन एगर का नाम आता है लेकिन उनको नागपुर और दिल्ली टेस्ट से बाहर रखा गया। नागपुर टेस्ट मैच में टॉड मर्फी को उनकी जगह खिलाया गया। वह डेब्यू कर रहे थे। इसके बाद दिल्ली टेस्ट मैच के लिए कुहनेमन को ऑस्ट्रेलिया से बुलाकर डेब्यू करा दिया गया। एश्टन एगर बेंच पर ही बैठे रह गए। इससे ऑस्ट्रेलियाई मैनेजमेंट को आलोचना का सामना भी करना पड़ा है।

पैट कमिंस भी हो गए हैं बाहर
सीरीज के दो मैचों में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए एक और बुरी खबर तब आई जब पैट कमिंस के वापस स्वदेश जाने की खबर मिली। कमिंस पारिवारिक मामले के कारण वापस अपने देश जाएंगे। टेस्ट सीरीज के अगले दो मैचों में वह नहीं खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए कमिंस का वापस लौटना भी एक बड़ा झटका कहा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications