IND vs AUS: दिल्ली और नागपुर टेस्ट की पिचों पर ICC का फैसला, चौंकाने वाली रेटिंग दी
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर पिचों को लेकर माहौल बना रहे थे, बाद में टीम दो मैच हार गई।

IND vs AUS Pitch Rating: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी शुरू होने से पहले पिचों को लेकर काफी बातें देखने को मिल रही थी। हालांकि सीरीज शुरू होने के बाद चीजें साफ़ हो गई। बल्लेबाजी के लिए विकेट खराब नहीं थे। गेंदबाजों को भी मदद मिली और टिककर खेलने पर बल्लेबाजों के लिए भी रन बनाना आसान काम हो गया। टीम इंडिया ने नागपुर टेस्ट में ऐसा करके भी दिखाया था। आईसीसी ने अब दोनों मैचों की पिचों को लेकर फैसला सुनाते हुए रेटिंग दी है।

आईसीसी ने दी पिच को रेटिंग
सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार सूत्रों का कहना है कि आईसीसी ने नागपुर और दिल्ली टेस्ट मैच की पिचों को रेटिंग दी है। दोनों मैचों के विकेटों को औसत दर्जे का माना गया है। इसका मतलब यह हुआ कि पिच खेलने के लिए खराब भी नहीं थी और ज्यादा ठीक भी नहीं थी। बीच की रेटिंग आईसीसी ने दी है। अगर इससे कम रेटिंग होती तो उसे औसत से निचले स्तर का माना जाता और डीमेरिट पॉइंट भी मिल सकता था। औसत रेटिंग का मतलब बल्ले और गेंद के बीच संघर्ष के लिए पिच समान थी।

नागपुर में भारत ने की थी बड़ी जीत दर्ज
नागपुर टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने एक पारी और 132 रनों से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में बढ़त हासिल कर ली थी। टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा ने वहां शतकीय पारी खेली थी। उनके अलावा जडेजा और अक्षर पटेल ने भी अर्धशतक जमाए थे। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज वहां नहीं टिक पाए। कंगारू टीम टॉस जीतने के बाद भी पारी से हार गई। हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के कप्तान कमिंस ने कहा था कि पिच बैटिंग के लिए खराब नहीं थी।

दिल्ली में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की रिटेन
दिल्ली टेस्ट मैच में दोनों टीमों के बीच दो दिनों तक मुकाबला देखने को मिला था। हालांकि तीसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम 113 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई और भारत ने 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। इस मैच में जीत के साथ ही टीम इंडिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी रिटेन कर ली। इस मुकाबले में अश्विन और जडेजा की तरफ से धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिला। सीरीज में दो मैच और हैं।












Click it and Unblock the Notifications