वेंकटेश प्रसाद को 'जवाब' देने का सिलसिला शुरू, केएल राहुल के सपोर्ट में सामने आया एक और बड़ा खिलाड़ी
KL Rahul vs Venkatesh Prasad के मामले के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट दो पक्षों में बंट गए हैं। एक केएल राहुल की आलोचना कर रहे हैं तो दूसरे ऐसे भी हैं जो राहुल की आलोचना करने के लिए प्रसाद पर ही निशाना साध रहे हैं।

केएल राहुल (KL Rahul) ने जिस तरह से वेंकटेश प्रसाद (Venkatesh Prasad) और आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) जैसे पूर्व क्रिकटरों में तकरार कराई है वैसे केस भारतीय क्रिकेट में बहुत ही कम देखने को मिले हैं। यह सही है कि राहुल ने अपने प्रदर्शन से शायद ही किसी को प्रभावित किया है और वे बाकी खिलाड़ियों की तुलना में मौके भी कुछ ज्यादा ही पा चुके हैं। इस तरह की आलोचना ऋषभ पंत को लेकर भी थी लेकिन इस खिलाड़ी ने समय के साथ ना केवल कीपिंग सुधारी बल्कि टेस्ट मैच में अपनी बैटिंग को अगले लेवल पर ले गए। समस्या ये है राहुल के साथ ये विकास नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बीच बीच में कुछ बेहतरीन पारियों को अंजाम दिया लेकिन अधिकतर समय अपनी फॉर्म से ही जूझते रहे। इसके लिए वेंकटेश प्रसाद ने भारतीय टीम प्रबंधन की खुली आलोचना की।

वेंकटेश प्रसाद ने राहुल की आलोचना करके गलती कर दी?
वेंकटेश को जब पब्लिक का पूरा सपोर्ट मिला तो आकाश चोपड़ा राहुल के पक्ष में कूद पड़े। प्रसाद के मुताबिक चोपड़ा ने कहा है कि वेंकटेश किसी एजेंडे के तहत केएल राहुल को कोस रहे हैं। लेकिन क्या इस बात से इस फैक्ट को नकारा जा सकता है कि राहुल परफॉर्म नहीं कर पा रहे हैं फिर भी टीम में उनकी जगह किसी दूसरे प्रतिभाशाली खिलाड़ी के लिए अन्याय नहीं हैं? लेकिन ऐसा लगता है केएल राहुल ने अपने लिए बहुत बड़ी लॉबिंग खड़ी कर ली है। उनको टच करना भी किसी के लिए बहुत मुश्किल नजर आता है। उनको ना केवल अगले दो टेस्ट मैचों के लिए जगह दी गई बल्कि वनडे सीरीज में भी चुन लिया गया है।

राहुल के बचाव की होड़ में हरभजन सिंह भी कूदे
केएल राहुल के बचाव में कूदने की होड़ में एक और पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह आ गए हैं। उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले केएल राहुल का बचाव किया। 30 वर्षीय ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में तीन पारियों में सिर्फ 38 रन बनाए हैं। हालांकि भारतीय टीम प्रभावी प्रदर्शन के साथ दोनों मैच जीतने में सफल रही। राष्ट्रीय टीम के पूर्व चयनकर्ता वेंकटेश प्रसाद निश्चित तौर पर सबसे मुखर रहे हैं लेकिन वेंकटेश के खिलाफ ही अप्रत्यक्ष तौर पर लोग खड़े हो गए हैं।
राहुल को अकेला छोड़ दो, वो वापसी करेंगे
हरभजन ने मंगलवार (21 फरवरी) को अपने ट्वीट में राहुल का खुला सपोर्ट किया। खराब प्रदर्शन के बावजूद राहुल ऐसा सपोर्ट कैसे हासिल करते हैं ये रहस्य शायद कभी उजागर नहीं होगा। लेकिन पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन ने भी अप्रत्यक्ष तौर पर वेंकटेश पर निशाना साधा और सभी से राहुल को अकेला छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी मुश्किल दौर से गुजर रहा है, जो कि हर किसी के साथ होता है।
हरभजन ने कहा, "क्या हम केएल राहुल को अकेला छोड़ सकते हैं दोस्तों? उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। वह अभी भी एक टॉप के खिलाड़ी है। वह मजबूत वापसी करेंगे। हम सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसे दौर से गुजरते हैं। राहुल पहले और आखिरी नहीं है। तो इस बात का भी सम्मान करें कि वह हमारा अपना भारतीय खिलाड़ी है और उन पर विश्वास रखें।"

शुभमन गिल के अगले दो मैचों में ओपनिंग करने की संभावना
हरभजन भले ही राहुल के लंबे सपोर्टर लगें लेकिन भारतीय टीम ने हो रही फजीहत को ध्यान में रखते हुए राहुल को अगले दो मैचों में उप-कप्तान के तौर पर नामित नहीं किया है। लेकिन राहुल को पूरी तरह बाहर ना दिखाने के चलते स्मार्टनेस में किसी को भी वाइस-कैप्टन नियुक्त नहीं किया है। ऐसे में हरभजन ने कहा कि शुभमन गिल के अगले दो मैचों में ओपनिंग करने की संभावना है। भारत 2-0 की बढ़त के साथ इंदौर में 1 मार्च से तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा और सबकी नजरें केएल राहुल के सिलेक्शन पर टिकी होंगी।












Click it and Unblock the Notifications