IND vs AUS: दिनेश कार्तिक और मार्क वॉ के बीच कॉमेंट्री के दौरान गर्मागर्म बहस, संजय मांजरेकर ने कराया शांत
दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल में ऐसा हुआ, दोनों के बीच बातचीत लम्बी चल गई।

IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैदान पर जंग चलती है और कमेंट्री में कुछ अलग ही नज़ारा देखने को मिलता है। मार्क वॉ और दिनेश कार्तिक के बीच मस्ती वाली चीजें कमेंट्री के दौरान चलती है जो कभी-कभी बहस का रूप भी ले लेती है। नागपुर टेस्ट मैच के दौरान ऐसा देखने को मिला था। इसके बाद दिल्ली टेस्ट के तीसरे दिन भी दोनों के बीच बातचीत हुई। मार्क वॉ ऑस्ट्रेलियाई टीम की फील्डिंग से खुश नहीं थे और इसे लेकर कार्तिक के साथ उनकी लम्बी बातचीत हो गई।
मार्क वॉ ने की फील्डिंग से बात शुरू
मार्क वॉ ऑस्ट्रेलिया की फील्डिंग से निराश थे। उन्होंने कहा कि आपके पास 100 और कुछ रन बोर्ड पर हैं और पुजारा रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हैरानी हो रही है कि सिली मिडऑफ़ पर फील्डर नहीं है। पुजारा से बैट-पैड के बाद गेंद फील्डर के पास जा सकती है। इसके बाद दिनेश कार्तिक चुप नहीं रहने वाले थे। उन्होंने मामले को आगे बढ़ा दिया।
कार्तिक ने पूछा अनोखा सवाल
कार्तिक ने कहा कि मैं जानता हूं कि आप फील्डिंग से संतुष्ट नहीं हैं लेकिन बताएं कहना क्या चाहते हैं? वॉ ने कहा कि मैं ऊपर एक फील्डर लगाना चाहता हूँ। पुजारा के खिलाफ बैट-पैड के लिए एक कवर के तौर पर ऐसा फील्डर सिली मिडऑफ़ पर चाहिए। कार्तिक ने कहा कि अगर पॉइंट से फील्डर उधर लाया जाए तो बाउंड्री जा सकती है। इसके बाद वॉ ने फिर से कहा कि फील्डर के हाथ में भी तो जा सकती है।
दिनेश कार्तिक ने मार्क वॉ को छेड़ दिया
दिनेश कार्तिक रुके नहीं और कहा कि पुजारा फील्डरों के बीच से गैप भी तो निकाल सकते हैं। वॉ ने कहा कि हम दोनों के अलग विचार हैं लेकिन पुजारा वहां आउट हो सकते हैं और मैं बैट-पैड के लिए वहां फील्डर लगाना चाहता हूं। इसके बाद कार्तिक ने वॉ को छेड़ते हुए कहा कि रोहित शर्मा के लिए ऐसा क्यों नहीं? वॉ ने कहा कि वह एक अलग खिलाड़ी है। कार्तिक ने फिर से पूछा कि तो अगर आप कप्तान होते तो रोहित के लिए ऐसा ही करते? इस पर मार्क वॉ चिढ गए और कहा कि यह प्रेस वार्ता नहीं है। कार्तिक ने कहा कि यह मजाक है। इस पर वॉ ने कहा कि प्रति सेशन में आपके सवालों को सीमित ही रखूंगा, एक सवाल के बाद कुछ नहीं होगा।
संजय मांजरेकर ने मामला शांत कराया
इस बातचीत के बीच में संजय मांजरेकर ने माजरा समझते हुए आना उचित समझा। वह बोले कि अब मैं बीच में आ रहा हूं और स्कोर बताना चाहूँगा। इसके बाद कार्तिक और वॉ के बीच बातचीत समाप्त हो गई। मांजरेकर ने सही समय पर आकर माहौल शांत करवा दिया।












Click it and Unblock the Notifications