इंदौर की पिच की आलोचना करने वाले ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को रवि शास्त्री ने दिया 'दो शब्दों' में करारा जवाब
Indore Test Pitch: इंदौर की पिच को रैंक टर्नर बताते हुए ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने अपना गुस्सा जाहिर किया लेकिन रवि शास्त्री ने दो शब्दों में इसका जवाब दिया।

इंदौर टेस्ट मैच (Indore Test) का पहला दिन पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया के नाम होता जा रहा है क्योंकि उन्होंने टॉस हारने के बाद पहले गेंदबाजी करते हुए भारत को 109 रनों पर ढेर कर दिया है। होल्कर स्टेडियम की पिच (Indore Pitch) ने पारी के पहले घंटे से ही रैंक टर्नर की तरह बर्ताव करते हुए स्पिन की ऐसी फिरकी बांधी जिसमें एक के बाद एक भारतीय बल्लेबाजों ने खुद को फंसा पाया। विकेटों की ऐसी झड़ी लगी कि दूसरे सत्र की शुरुआत में ही टीम इंडिया ऑल आउट हो गई। एक बार तो ये लगा जैसे भारत विदेशी पिच पर ये मैच खेल रहा है।

'मुझे यहां के हालातों से दिक्कत है'
पिच की काफी आलोचनाएं भी की जा रही हैं। अधिकतर आलोचनाएं फिर से ऑस्ट्रेलिया की ओर से की गई हैं। मैथ्यू हेडन कमेंट्री करते हुए तब बिफर गए जब उन्होंने इस पिच पर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों को इतनी जल्दी एक्शन में देखा और गेंद को बेतहाशा घूमता हुआ पाया। उन्होंने तुरंत पिच को लेकर अपना गुस्सा निकाला और कहा कि दुनिया में कही भी टेस्ट मैच का छठा ओवर फेंकने स्पिनर नहीं आता। उन्होंने कहा कि आप यहां पर टर्न देखिए। इसी वजह से मुझे यहां के हालातों से दिक्कत है, क्योंकि दुनिया में कोई स्पिनर ऐसे टेस्ट मैच का छठा ओवर फेंकने नहीं आता। कोई मतलब ही नहीं!

कम से कम 1 और 2 दिन बल्लेबाजी के रहने चाहिए
हेडन ने आगे कहा, इंदौर में औसत टर्न 4.8 डिग्री है। ये बहुत बड़ा है और ऐसा तो तीसरे दिन होता है। आपको बल्लेबाजों को कुछ तो मौका देना होगा। टेस्ट मैच के आधार पर खिलाड़ी के प्रदर्शन का आकलन होता है। कम से कम 1 और 2 दिन बल्लेबाजी के रहने चाहिए।
रवि शास्त्री मैथ्यू के बगल में बैठे कमेंट्री कर रहे थे। उन्होंने इन सब बातों पर दो शब्दों का करारा जवाब दिया और कहा- "होम कंडीशन (घरेलू परिस्थितियां)।"

शास्त्री ने क्या कहा
हालांकि शास्त्री ने यह भी माना कि इंदौर घरेलू परिस्थितियो से भी थोड़ा आगे है। ये पिच मुश्किल है और ये दोनों टीमों के लिए है। लेकिन एक बढ़िया भागेदारी मैच का रुख बदल सकती है।
मजे की बात ये है कि ऑस्ट्रेलिया के लिए एक ऐसी ही साझेदारी मार्नस लाबुशेन और उस्मान ख्वाजा ने करके दी जिसके चलते भारत का सवा सौ-डेढ़ सौ पर ऑस्ट्रेलिया को आउट करने का मंसूबा विफल हो गया। इन दोनों के बीच 96 रनों की साझेदारी मैच में इन हालातों में निर्णायक भी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications