IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया 91 पर आउट, भारत ने एक पारी और 132 रनों से जीता पहला टेस्ट
भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजों के आगे ऑस्ट्रेलिया की टीम धराशाई हो गई, अश्विन और जडेजा के सामने बल्लेबाज टिक ही नहीं पाए।

IND vs AUS 1st Test: नागपुर टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चारों खाने चित करते हुए मैच जीत लिया। टीम इंडिया ने मेहमान ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 132 रनों के बड़े अंतर से हराते हुए चार मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 91 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। भारतीय टीम के लिए रविचंद्रन अश्विन ने धमाकेदार गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में 5 विकेट झटके।

अक्षर पटेल ने की धाकड़ बैटिंग
तीसरे दिन की शुरुआत में टीम इंडिया ने रविन्द्र जडेजा के रूप में विकेट गंवाया। जडेजा 70 रनों के निजी स्कोर पर चलते बने। इसके बाद अक्षर पटेल और मोहम्मद शमी ने मोर्चा संभाला और कंगारुओं की धुनाई कर दी। शमी ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 47 गेंदों में 37 रन बनाए। उन्होंने 3 छक्के और 2 चौके उड़ाए, अक्षर पटेल 84 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह टीम इंडिया 400 रन बनाकर आउट हुई। ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू करने वाले टॉड मर्फी ने 7 विकेट झटके। कमिंस को 2 विकेट मिले।

स्मिथ अंत तक नाबाद खड़े रहे
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज शुरू से ही दबाव में दिखे। अश्विन में उस्मान ख्वाजा को आउट करने के बाद अन्य बल्लेबाजों को परेशान किया। कंगारू बल्लेबाज उनके सामने पगबाधा आउट होते चले गए। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज स्मिथ रहे, वह 25 रन बनाकर नाबाद रहे। अन्य बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे। टीम इंडिया के लिए अश्विन के 5 विकेटों के अलावा जडेजा के खाते में 2 विकेट आए, मोहम्मद शमी को भी 2 विकेट मिले।

भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने किया डोमिनेट
इससे पहले टीम इंडिया ने पहली पारी में ही ऑस्ट्रेलिया पर बड़ी बढ़त लेकर दबाव बना दिया था। टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा ने शतक जड़ा। उनके अलावा निचले क्रम से जडेजा और अक्षर पटेल के अर्धशतक आए। जडेजा ने 70 और पटेल ने 84 रन बनाए। जडेजा को मैच में कुल 7 विकेट मिले। अश्विन ने भी मुकाबले में 8 विकेट झटके। इस तरह भारतीय टीम ने पूरी तरह से डोमिनेट किया।












Click it and Unblock the Notifications