T20 WC स्क्वॉड से किया गया नजरअंदाज.. अब Kuldeep Yadav ने लिस्ट ए क्रिकेट में ली तीसरी हैट्रिक
नई दिल्ली, 25 सितंबर: चेन्नई में इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है, जहां अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने हैट्रिक लेकर एक बार फिर से अपने नाम का डंका बजा दिया है। चाइनामैन स्पिनर ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 51 रन देकर हैट्रिक समेत 4 विकेट अपने नाम किए। पहले वनडे में भी कुलदीप ने 22 रन देकर 1 विकेट लिया था।

47वें ओवर में ली हैट्रिक
कुलदीप यादव ने अपने स्पेल के आखिरी और न्यूजीलैंड की पारी के 47वें ओवर में लगातार 3 गेंदों पर 3 विकेट चटकाए। 47वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने लोगान वैन बीकी (4) को पृथ्वी शॉ के हाथों कैच आउट कराया। 5वीं गेंद पर जो वाकर को आउट किया, वाकर का कैच कप्तान संजू सैमसन ने पकड़ा और ओवर की आखिरी गेंद पर जैकब डफी को LBW आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसी के साथ मेहमान टीम 47 ओवर में 219 पर ऑल-आउट हो गई। जो कार्टर (72) टॉप स्कोरर रहे।

लिस्ट ए क्रिकेट में तीसरी हैट्रिक
लिस्ट ए क्रिकेट में कुलदीप यादव की ये कुल तीसरी हैट्रिक है। इससे पहले वो दो बार टीम इंडिया के लिए वनडे इंटरनेशनल में हैट्रिक ले चुके हैं। 2017 में कुलदीप ने कोलकाता में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैथ्यू वेड, एश्टन एगर और पेट कमिंस को आउट कर अपनी पहली हैट्रिक ली थी। इसके बाद 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ विशाखापट्टनम में शाई होप, जेसन होल्डर और अल्जारी जोसेफ को आउट कर दूसरी बार ये कारनामा दोहराया था। इतना ही नहीं यादव 2014 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड बना चुके हैं।

उतार चढ़ाव भरे रहे पिछले दो साल
पिछले दो साल कुलदीप यादव के करियर के लिए काफी उतार चढ़ाव भरे रहे। पिछले साल तो उनको टीम से ड्रॉप तक कर दिया गया था। आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और केकेआर ने भी उनको अपनी टीम से रिलीज कर दिया था। आईपीएल-15 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने कुलदीप को उनके बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। 27 वर्षीय स्पिनर ने भी फ्रेंचाइजी को निराश नहीं किया और 14 मैचों में 20 से भी कम की औसत से कुल 21 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका इकोनॉमी भी केवल 8.44 का रहा। पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन काफी बेहतरीन था।

वर्ल्ड कप की टीम में नहीं मिली जगह
टीम इंडिया में उनकी वापसी भी हुई, लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप की टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए। वेस्टइंडीज दौरे पर उन्होंने अपना आखिरी T20I मैच खेला था, जहां 5 मैचों की सीरीज में मिले एक मौके पर उन्होंने 3 विकेट लिए थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 वनडे मैचों में भी यादव को 3 विकेट मिले थे। अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में उनके खेलने की उम्मीद है।

करियर पर एक नजर
चाइनामैन के नाम से मशहूर कुलदीप यादव ने अभी तक भारत के लिए 7 टेस्ट मैचों में 24 की औसत से 26 विकेट, 69 एकदिवसीय मुकाबलों में 28.63 की औसत से 112 विकेट और 25 T20I मैचों में 14 की शानदार औसत से कुल 44 विकेट हासिल किए हैं। कुलदीप भारतीय टीम के उन चुनिंदा गेंदबाजों में से एक है, जो इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट की एक पारी में फाइव विकेट हॉल लिया हो।












Click it and Unblock the Notifications