क्या विराट कोहली को पीछे छोड़ पाएंगे बाबर आजम, इमरान खान का इस बारे में क्या है कहना?
Virat Kohli vs Babar Azam: पाकिस्तान के दिग्गज कप्तान रह चुके इमरान खान ने एक बार फिर से बाबर आजम बनाम विराट कोहली की प्रतिबद्धता पर बात की है। इमरान खान का कहना है कि बाबर आजम कोहली से 6 साल छोटे हैं और वे विराट के रिकॉर्ड को आसानी से तोड़ सकते हैं।
बाबर आजम और विराट कोहली के बीच में एक तुलना लगातार चलती रहती है और इमरान खान का मानना है कि दोनों ही खिलाड़ी एक ही क्लास के हैं।

इमरान खान ने क्रिकेट पाकिस्तान से बात करते हुए बताया, 'मैंने हाल ही में क्रिकेट नहीं देखा है, लेकिन मुझे लगता है दोनों एक ही क्लास के बल्लेबाज हैं। बाबर आजम आसानी से विराट कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं। वे काफी अच्छे हैं।'
बाबर आजम विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ते रहे हैं, जहां उन्होंने विराट के सबसे तेज 5000 वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड को भी तोड़ा था। बाबर आजम ने इस माइलस्टोन के लिए 97 पारियां ली, तो विराट कोहली ने 114 ली थी।
इसी फेहरिस्त में बाबर आजम ने हाशिम अमला की 101 और विवियन रिचर्ड्स की 114 पारियों के रिकॉर्ड को भी तोड़ा। विराट कोहली इस समय 498 इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद 25,350 रन बना चुके हैं, जिसमें 75 शतक शामिल हैं।
तो बाबर आजम के नाम 251 मैचों में 12,270 रन और 30 शतक शामिल हैं। अभी भी बाबर आजम को विराट कोहली के शतक के करीब पहुंचने के लिए 45 और शतक की दरकार है, जो काफी बड़ा फासला है।
निश्चित तौर पर, बाबर आजम विराट कोहली से वनडे और टेस्ट के आंकड़ों में तो काफी पीछे हैं, लेकिन वह विराट के 4008 T20 इंटरनेशनल रनों को पीछे छोड़ने के लिए केवल 523 रन पीछे है।
बाबर आजम ने 2022 में विराट कोहली के नंबर 1 T20 बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा दिन बिताने के रिकॉर्ड को भी तोड़ा था। विराट कोहली ने 1013 दिनों तक T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नंबर एक बल्लेबाज बनने का कारनामा किया था तो बाबर आजम ने 1155 दिनों तक नंबर एक बल्लेबाज के तौर पर खुद को स्थापित किया।
बाबर आजम अपने करियर में अलग ही लेवल पर हैं और विराट कोहली की बल्लेबाजी ढलान पर है। दोनों के बीच उम्र का काफी फर्क है, जिसको देखते हुए बाबर आजम का उभार आने वाले 5 साल तक तो कम से कम देखने के लिए मिलता रहेगा। बाबर आजम को 2022 में क्रिकेटर ऑफ द ईयर और वनडे क्रिकेटर ऑफ ईयर के अवार्ड से नवाजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications