Women World Cup: आखिरी ओवर के रोमांच में फिर जीती वेस्टइंडीज, बांग्लादेश को 4 रन से हराया
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला वनडे विश्वकप का 17वां मैच शुक्रवार को माउंट मागनुई के बे ओवल मैदान पर खेला गया जहां पर इस सीजन आखिरी ओवर के रोमांच में मैच जीतने वाली वेस्टइंडीज की टीम ने एक बार फिर से फैन्स को लास्ट बॉल थ्रिलर मैच दिया और बांग्लादेश के खिलाफ 4 रन से जीत हासिल की। वेस्टइंडीज की महिला टीम के लिये यह टूर्नामेंट के 5 मैचों में से तीसरी जीत है और तीनों में ही उसे आखिरी ओवर में जाकर जीत हासिल हुई है। वेस्टइंडीज की टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 रन, तो इंग्लैंड के खिलाफ 7 रन और अब बांग्लादेश के खिलाफ 4 रन से जीत हासिल की है, वहीं पर भारत के खिलाफ उसे 155 रन की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से रौंदा था।

इस जीत के साथ वेस्टइंडीज की टीम महिला विश्वकप की अंकतालिका में 6 अंक के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई है जबकि भारतीय महिला टीम 4 मैचों में 2 जीत और 2 हार के साथ चौथे पायदान पर काबिज है। अंकतालिका में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की महिला टीमों ने लगातार 4 में से 4 मैचों में जीत हासिल कर पहले और दूसरे पायदान पर कब्जा जमाया है तो वहीं पर न्यूजीलैंड की टीम 5 में से 2 जीत के साथ पांचवे पायदान पर काबिज है।
और पढ़ें: PAK vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान ने किया टी20 टीम का ऐलान, सरफराज-इमाद को किया बाहर

कैम्पबेल ने बचायी वेस्टइंडीज की लाज
इंग्लैंड और बांग्लादेश की टीम को अब तक खेले गये 4 मैचों में से सिर्फ एक में ही जीत मिली है तो वहीं पर पाकिस्तान की टीम जीत का खाता नहीं खोल सकी है और अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर जमी हुई है। महिला विश्वकप के 17वें मैच में जीत की राह पर वापस लौटने की तरफ देख रही बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज की टीम को निर्धारित 50 ओवर्स में सिर्फ 140 रन पर रोक दिया। वेस्टइंडीज की टीम ने महज 28 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया और यहां से वो लगातार नियमित अंतराल पर अपना विकेट गंवाते चले गये और 9 विकेट खोकर 140 रन ही बना सके।
वेस्टइंडीज के लिये विकेटकीपर शेमाइनी कैम्पबेल ने सबसे ज्यादा (नाबाद 53) रन बनाकर टीम को 100 रन के अंदर सिमटने से बचाया। वहीं डॉटिन (17), हेली मैथ्यूज (18) और एफी फ्लेचर (17) के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहांई के आंकड़े को पार नहीं कर सका। बांग्लादेश के लिये सलमा खातून और फाहिमा खातून ने 2-2 विकेट हासिल किये। जहांनारा आलम, रुमाना अहमद और रितु मोनी ने एक-एक विकेट हासिल किये।

गेंदबाजों के दम पर जीती वेस्टइंडीज
141 रनों का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पहले ही ओवर में शमिमा सुल्तान का विकेट खो दिया। यहां से शरमीन अख्तर (17), फरगाना हक (25), निगार सुल्ताना (25), सलमा खातून (23) और नाहिदा अख्तर (नाबाद 25) ने छोटी-छोटी साझेदारियां जरूर की लेकिन वेस्टइंडीज के गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट हासिल करते रहे और बांग्लादेश को 50वें ओवर की तीसरी गेंद पर ऑल आउट कर 4 रन से मैच को अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज के लिये हेली मैथ्यूज ने सबसे शानदार गेंदबाजी की और 10 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किये। वहीं पर एफी फ्लेचर (10 ओवर, 29 रन) और कप्तान स्टेफनी टेलर (9.3 ओवर, 29 रन) ने 3-3 विकेट हासिल किये।

ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
बांग्लादेश की टीम को जीत के लिये आखिरी ओवर में 8 रन की दरकार थी और वेस्टइंडीज की टीम को जीत के लिये बस एक ही विकेट चाहिये था। नाहिदा अख्तर ने पहली गेंद पर 2 रन लिये और वहीं दूसरी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक रोटेट कर दिया। बांग्लादेश की टीम को जीत के लिये अब 4 गेंद में 5 रन की दरकार थी, हालांकि स्टेफनी टेलर ने तीसरी गेंद पर फारिहा तृष्णा को बोल्ड कर बांग्लादेश को ऑल आउट कर दिया और एक बार फिर से 4 रन की रोमांचक जीत हासिल कर ली।












Click it and Unblock the Notifications