ICC Women World cup: आखिरी ओवर के रोमांच में जीती वेस्टइंडीज, डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड को हराया
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला विश्वकप 2022 का 7वां मैच डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की महिला टीम के बीच खेला गया, जहां पर कैरिबियाई टीम ने जीत की प्रमुख दावेदार इंग्लैंड को आखिरी ओवर के रोमांच में मात देकर 7 रन से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के बाद प्वाइंटस टेबल में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। दोनों टीमों ने अपने पहले दोनों मैच में जीत हासिल की है लेकिन बेहतर नेट रन के चलते ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम पहले पायदान पर काबिज है। वहीं भारतीय महिला टीम एक जीत के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है, जिसे अपना दूसरा मुकाबला गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है।

ड्यूनडिन के मैदान पर खेले गये इस मैच में वेस्टइंडीज की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 225 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 218 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। वेस्टइंडीज की टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर अंकतालिका में बड़ा उलटफेर कर दिया है।
और पढ़ें: 'शायद जबान फिसल गई होगी', अश्विन की तारीफ मे रोहित बोले तो भड़का पाकिस्तान का पूर्व विकेटकीपर

अच्छी शुरुआत के बाद भी सिर्फ 225 रन ही बना सकी वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज की महिला टीम ने हेली मैथ्यूज (58 गेंदों में 45 रन) और डिएंड्रा डॉटिन (64 गेंद में 31 रन) की ओपनिंग जोड़ी के दम पर अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 81 रनों की साझेदारी की लेकिन एक ही ओवर में 3 विकेट खोने के बाद उसकी पारी लड़खड़ा गई। इंग्लैंड के लिये सोफी एक्लेसटोन 21वां ओवर फेंकने आयी जिनकी पहली ही गेंद पर हेली मैथ्यूज कैच आउट हो गई, तो वहीं पर डॉटिन चौथी गेंद पर रन आउट होकर वापस लौटी। अगली ही गेंद पर कप्तान सोफी टेलर (0) बिना खाता खोले वापस लौटी। 98 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज की टीम ने अपना चौथा विकेट भी खो दिया।
हालांकि यहां से शमैन कैम्पबेल (66) और चीडान नेशन (49) ने पारी को संभालते हुए पांचवे विकेट के लिये 123 रनों की साझेदारी कर टीम को 200 के पार पहुंचाया। इस साझेदारी के दम पर वेस्टइंडीज की टीम 225 रन का स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो सकी।

हार के मुंह से सोफी और क्रॉस ने निकाला बाहर
जवाब में इंग्लैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने महज 94 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट खो दिये थे। इतना ही नहीं 156 रन के स्कोर तक उसने अपने 8 विकेट खो दिये थे जिसके बाद उसका जीतना लगभग नामुमिकन लग रहा था। इंग्लैंड के लिये टॉमी ब्यूमॉन्ट (46), डैनियल वॉयट (33) और सोफी डंक्ले (38) ने सबसे ज्यादा रन बनाये लेकिन लगातार विकेट खोने की वजह से वो बैकफुट पर आ गई।हालांकि यहां पर इंग्लैंड के लिये सोफी एक्लेसटोन (नाबाद 33 रन) और केट क्रॉस (27) ने 61 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को लगभग मैच में जीत दिला दी थी।

ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
इंग्लैंड की टीम की इस जोड़ी के दम पर उसे जीत के लिये 18 गेंदों में सिर्फ 7 रन की दरकार थी जबकि वेस्टइंडीज को जीत के लिये 2 विकेट चाहिये थे। 48वें ओवर में अनिशा मोहम्मद को गेंदबाजी के लिये बुलाया गया जिनकी पहली ही गेंद पर क्रॉस रन आउट हो गई और मैच बदल गया। मोहम्मद की गेंद पर एक्सलोटन ने आगे बढ़कर शॉट मारा जो कि सीधा बाउंड्री की तरफ जा रहा था, हालांकि फॉलो थ्रू में अनिशा का हाथ गेंद पर लगा और वो थोड़ा सा भटक कर सीधा विकेट पर जा लगी। वहीं नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़ी क्रॉस अपनी क्रीज से आगे निकली हुई थी, जिसकी वजह से वो रन आउट हो गई। अगले गेंद पर सोफी ने एक रन तो लिया लेकिन श्रुबशॉल के लिये अनिशा का सामना करना आसान नहीं रहा। वह दूसरी ही गेंद पर बोल्ड हो गई। इंग्लैंड की टीम जिस मैच को जीत सकती थी वहां पर वेस्टइंडीज की टीम ने दबाव में धैर्य नहीं खोया और रोमांचक जीत हासिल कर अपनी दावेदारी को मजबूत कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications