भारत को मिल गया एक और धोनी, अश्विन ने बताया कौन है टीम इंडिया का वह खिलाड़ी
Ravichandran Ashwin on Rinku Singh: महेंद्र सिंह धोनी जब क्रीज पर होते थे तो गेंदबाजों को चैन की सांस नहीं आती थी। आराम से खेलते हुए माही अंत में बड़े शॉट खेलते हुए मैच फिनिश करते थे। भारतीय टीम में इस रणनीति के बाद उन्होंने आईपीएल में भी कुछ यह रवैया अपनाया और टीम को जीत दिलाई।
मैच फिनिश करना और निरंतर इसे मैदान पर लागू रख पाना आसान कार्य नहीं होता है। टीम इंडिया को माही के बाद उस तरह का फिनिशर नहीं मिला, जिसकी खास जरूरत थी। रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय टीम में महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ी का जिक्र किया है।

अश्विन ने बताया है कि एक खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की तरह खेलने की क्षमता रखता है। अश्विन ने यह भी कहा कि यह क्रिकेटर बाएँ हाथ का महेंद्र सिंह धोनी है।अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने रिंकू सिंह को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैं उनको लेफ्ट हैण्ड महेंद्र सिंह धोनी कहूँगा। धोनी काफी बड़ा नाम है इसलिए मैं उनसे तुलना नहीं कर रहा हूं। मैं रिंकू के संयम के धैर्य की बात कर रहा हूं।
अश्विन ने कहा कि रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के लिए काफी रन बना रहे हैं। उन्होंने टीम इंडिया में जगह बनाई। वह काफी समय से केकेआर में बेंच पर रहे। उनको प्रैक्टिस का मौका भी नहीं मिलता था। जो गेंद बल्लेबाज नेट में हिट करते थे, रिंकू उनको एकत्र करके वापस लाकर देते थे।
रिंकू उस फ्रेंचाइजी में काफी समय से थे और यूपी के लिए प्रदर्शन कर उन्होंने दर्शाया कि वह टीम इंडिया में खेलने के लिए तैयार हैं। मुश्किल स्थिति में भी वह गेम फिनिश कर सकते हैं। भले ही टीम पहले बैटिंग करती हो या बाद में, उनका धैर्य बना रहता है। यह टीम के लिए एक बोनस है।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टी20 सीरीज में रिंकू सिंह आउट ही नहीं हुए। तीनों मैचों में वह नाबाद लौटे। अंतिम मैच में टीम के 4 विकेट गिरने के बाद वह रोहित शर्मा के साथ क्रीज पर टिके और बड़ी शतकीय भागीदारी की। रिंकू ने नाबाद 69 रन जमाए।












Click it and Unblock the Notifications