'मैंने सोचा था Virat Kohli और ज्यादा खतरनाक होंगे,' इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी की प्रतिक्रिया
विराट कोहली (Virat Kohli) ने एशिया कप में जिस तरह धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, वहां से उनकी तारीफों के पुल भी बंधने शुरू हो गए थे। अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने शतक जड़ते हुए बता दिया था कि किंग की फॉर्म वापस आ गई है। विपक्षी गेंदबाजों की अब खैर नहीं होगी। इसके बाद कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप में भी धाकड़ बैटिंग की। इंग्लैंड के ऑल राउंडर मोईन अली ने विराट कोहली की फॉर्म में वापसी वाले घटनाक्रम पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।

कोहली की फॉर्म पर मोईन अली का बयान
इंडिया डॉट कॉम को दिए इंटरव्यू में मोईन अली ने कहा कि एशिया कप में जिस तरह के शॉट विराट कोहली ने खेले, उससे साफ़ हो गया था कि वह वापस आ गए हैं। जिस तरह से कोहली खेलते हैं, मुझे ख़ुशी होती है। मुझे लगा कि वह अब खतरनाक होंगे और टी20 वर्ल्ड कप में भी वह शानदार खेले। इस तरह किसी दिग्गज की वापसी होना अच्छा लगता है। उम्मीद है कि हम उनकी शानदार बैटिंग देखते रहेंगे।

वर्ल्ड कप फाइनल था बड़ा मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड ने फाइनल खेला और जीत दर्ज करते हुए ख़िताब अपने नाम कर लिया था। मोईन अली ने इस मैच के बारे में कहा कि मेलबर्न में निश्चित रूप से यह बड़ा मैच था क्योंकि सामने 85000 दर्शक भी थे। हमने पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच को भी अन्य मैचों की तरह लिया। हमने इंडिया को एडिलेड में बाहर कर दिया था। इससे आत्मविश्वास मिला क्योंकि टूर्नामेंट में भारतीय टीम काफी शानदार थी।

अबुधाबी टी10 लीग में खेल रहे हैं मोईन अली
अबुधाबी में चल रही टी10 लीग में मोईन अली मॉरिसविले सैम्प की तरफ से खेल रहे हैं। अब तक टूर्नामेंट में मोईन अली की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। तीन मैचों में मॉरिसविले ने जीत दर्ज की है। अब तक इस टीम को एक भी मुकाबले में हार का सामना नहीं करना पड़ा है। टूर्नामेंट में मॉरिसविले ही एकमात्र टीम है जो इस सीजन अब तक हारी नहीं है। मोईन अली इस टीम की कप्तानी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications