WTC फाइनल के दरवाजे अभी भी खुले हैं भारत के लिए, जानिए इंदौर टेस्ट हार जाने के बाद कैसे मिलेगी एंट्री?
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद में शुरू होगा। अगर भारतीय टीम इस मैच को जीत लेती है तो वो सीधा डब्ल्यूटीसी फाइनल में एंट्री कर लेगी।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में भारत को मिली करारी हार के बाद सीधे WTC फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है। इंदौर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेट से हरा दिया था। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने WTC फाइनल में आधिकारिक तौर पर जगह बना ली है। ऑस्ट्रेलिया पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है। वहीं भारत की उम्मीदों को एक झटका लगा है। हालांकि भारत की उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। भारत ने इस सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट मैच में जीत दर्ज की थी, जिसके बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए भारत की दावेदारी मजबूत हो गई थी, लेकिन इंदौर टेस्ट में हारने के बाद अब राह मुश्किल हुई है।

WTC फाइनल पॉइंट टेबल की वर्तमान स्थिति
इंदौर टेस्ट हारने के बाद सबसे बड़ा सवाल जो खड़ा हुआ है वो यह कि भारत अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में कैसे पहुंचेगा? वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल 7 जून से 11 जून के बीच लंदन में खेला जाएगा। फाइनल में जगह बनाने के लिए किस्मत अभी भी भारत के साथ है। दरअसल, WTC पॉइंट टेबल की वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया टीम 6 सीरीज में 11 टेस्ट जीतने के बाद 68.52 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर जगह बनाई हुई है। वहीं भारत 6 सीरीज में से 10 टेस्ट मैच जीतने के बाद 60.29 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। एशिया की एक और टीम श्रीलंका भी फाइनल में पहुंचने की दावेदार है। श्रीलंका अभी 5 टेस्ट जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। श्रीलंका के 53.33 प्रतिशत अंक हैं।

अब भारत कैसे क्वालिफाई कर सकता है?
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपने दम पर जगह बनाने के लिए टीम इंडिया के लिए जरूरी है कि वो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आखिरी टेस्ट मैच अच्छे-खासे अंतर से जीत ले। सीरीज का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद में खेला जाएगा। भारतीय टीम अगर अहमदाबाद टेस्ट जीत लेती है तो वो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को 3-1 से अपने नाम कर लेगी और इस तरह भारत का WTC फाइनल में स्थान पक्का हो जाएगा। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज जब हुआ था तो उस वक्त भारत के लिए यह सुनिश्चित करना जरूरी था कि ऑस्ट्रेलिया को किसी भी हाल में 4-0, 3-1 या 3-0 से हराया जाए।

अगर अहमदाबाद टेस्ट हार गया भारत तो क्या होगा?
टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में सीधे एंट्री पाने के लिए उसे अगला टेस्ट जीतना होगा, लेकिन अगर टीम इंडिया अगले टेस्ट में हार जाती है या फिर मैच ड्रॉ हो जाता है तो क्या होगा? आपको बता दें कि अगर ऐसी स्थिति बनती है तो भारत को फिर श्रीलंका और न्यूजीलैंड सीरीज के परिणाम पर निर्भर रहना होगा। भारत अगर आखिरी टेस्ट हार जाता है या फिर मैच ड्रॉ रहता है तो भारत को इंतजार करना होगा कि न्यूजीलैंड की टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज में श्रीलंका का 2-0 से क्लीन स्वीप कर दे। श्रीलंका-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का आगाज भी 9 मार्च से होगा।

इस स्थिति में WTC से बाहर हो जाएगा भारत
आपको बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से पहले एक समीकरण ऐसा भी बन रहा है जो भारत को फाइनल की रेस से बाहर कर देगा। वो समीकरण कुछ ऐसा है कि अगर भारत अहमदाबाद टेस्ट हार जाता है या फिर ड्रॉ रहता है और फिर उसके बाद श्रीलंका की टीम न्यूजीलैंड को उसी के घर में टेस्ट सीरीज 2-0 से हरा देती है तो श्रीलंका की टीम WTC फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लेगी और भारत ऐसे में चैंपियनशिप से बाहर हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications