ललित यादव का सुपर थ्रो देख हैरान रह गये दिग्गज, 9 साल बाद कोहली के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने एक बार फिर जीत की राह पर वापसी कर ली है और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गये 27वें मैच में 16 रनों से जीत हासिल की है। आरसीबी की टीम को लगातार 3 मैचों में जीत के बाद सीएसके ने 23 रनों से हराया था, जिसके बाद जब दिल्ली से उसका सामना हुआ तो लगा कि शायद एक बार फिर से डुप्लेसिस की कप्तानी वाली बैंगलोर के खाते में फिर से हार आयेगी। हालांकि आरसीबी के लिये दिनेश कार्तिक और जोश हेजलवुड वो खिलाड़ी बने, जिन्होंने दिल्ली के मुंह से जीत छीनकर अपनी टीम को फिर से खिताबी रेस के प्रबल दावेदारों में शामिल किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की टीम ने इस मैच में 5 विकेट खोकर 189 रनों का स्कोर खड़ा किया था जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 7 विकेट खोकर 173 रन ही बना सकी थी। इस दौरान जहां दिनेश कार्तिक (66) और ग्लेन मैक्सवेल (55) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मुश्किल से बाहर निकाला तो वहीं पर जोश हेजलवुड ( 3 विकेट) और मोहम्मद सिराज (2 विकेट) ने गेंदबाजी से जीत सुनिश्चित की।
और पढ़ें: मुंबई के खिलाफ जीत के बावजूद लखनऊ को लगा बड़ा झटका, BCCI ने राहुल के खिलाफ उठाया कदम

रन आउट ने किया कोहली का बेड़ा गर्क
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के खिलाफ इस मैच में आरसीबी की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी और उसने महज 13 रन के अंदर अपने दोनों सलामी बल्लेबाज अनुज रावत (0) और फाफ डुप्लेसिस (8) का विकेट खो दिया था। दूसरे ही ओवर में अनुज रावत का विकेट खो देने के बाद विराट कोहली बल्लेबाजी करने उतरे, जिसको लेकर एक बार फिर से सभी फैन्स की निगाहें रन मशीन कोहली पर टिक गई। कोहली ने 14 गेंदों का सामना कर एक चौके की मदद से 12 रनों की पारी खेली लेकिन एक रन चुराने के चक्कर में रन आउट होकर उन्हें वापस लौटना पड़ा।

ललित यादव ने हवा में उड़ते हुए मारा सुपर थ्रो
विराट कोहली ने पारी के 7वें ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन चुराना चाहा, वह विकेट से 4 मीटर दूर ही गये थे कि दूसरे छोर पर खड़े मैक्सवेल ने उन्हें वापस भेजा, लेकिन तब तक 10 मीटर दूर बैकवर्ड प्वाइंट पर खड़े ललित यादव ने बिजली सी फुर्ती दिखाते हुए गेंद को पकड़ कर हवा में उड़ते हुए ही थ्रो फेंका, वह जिस एंगल पर थे वहां से सिर्फ एक ही स्टंप नजर आ रहा था लेकिन इसके बावजूद गेंद सीधा स्टंप पर जाकर लगी और कोहली क्रीज में वापसी करने से कुछ इंच दूर रह गये। ललित यादव के सुपर थ्रो के चलते विराट कोहली को वापस पवेलियन लौटना पड़ा।

9 साल बाद कोहली ने दोहराया यह अनचाहा रिकॉर्ड
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 के इस सीजन में विराट कोहली दूसरी बार रन आउट होकर वापस लौटे हैं। इससे पहले वो राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गये मैच में भी रन आउट होकर लौटे थे, जहां पर संजू सैमसन के थ्रो और युजवेंद्र चहल के पिकअप के चलते कोहली को वापस लौटना पड़ा था। ललित यादव के थ्रो के चलते विराट कोहली आईपीएल के इतिहास में 9 साल बाद किसी सीजन में दो बार रन आउट होकर वापस पवेलियन लौटे हैं।

कुछ खास नहीं रहा है आईपीएल 2022 का सीजन
आपको बता दें कि विराट कोहली के लिये यह सीजन कुछ खास नहीं बीता है और अब तक खेले गये 6 मैचों में उनके बल्ले से (41*, 12, 5, 48, 1 और 12) सिर्फ 119 रन ही आये हैं। वहीं भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा का कैंपेन भी कोहली से मिलता जुलता ही नजर आया है, जिनके बल्ले से अब तक कोई बड़ी पारी नहीं आई है और उनकी टीम को अभी तक पहली जीत का इंतजार है। लखनऊ सुपर जाएंटस के हाथों मिली हार के बाद रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ अपना नाम उन कप्तानों की अनचाही लिस्ट में शुमार कर लिया जिन्हें लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। आईपीएल के इतिहास में सिर्फ 3 ही बार ऐसा देखने को मिला है और दिल्ली डेयरडेविल्स (2013) की टीम यह करने वाली तीसरी टीम थी।












Click it and Unblock the Notifications