भारतीय महिला खिलाड़ी के लिए ऐतिहासिक पल, इंटरनेशनल से पहले मिला विदेशी लीग का अनुबंध
Shreyanka Patil: क्रिकेट महान अनिश्चितताओं का खेल है और इसमें सफलता और असफलता भी आती है। कई बार इंटरनेशनल क्रिकेट में आने से पहले बड़ा अनुबंध हाथ लग जाता है। भारतीय महिला क्रिकेटर श्रेयांका पाटिल के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। उनको कैरेबियन प्रीमियर लीग के लिए चुना गया है।
युवा स्पिनर श्रेयांका कैरेबियन प्रीमियर लीग में चुनी जाने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। इसके अलावा एक और खास बात यह भी है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में आने से पहले उनको लीग क्रिकेट में चुना गया है, जो ऐतिहासिक बात है।

श्रेयांका का नाम तब चर्चा में आया था जब उनको महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए चुना गया था। सीजन में आरसीबी के लिए श्रेयांका ने कुल 7 मुकाबले खेले थे और 6 विकेट अपने नाम किये। इसके अलावा बल्ले से भी वह 62 रन बनाने में सफल रही थीं।
महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग का आगाज 31 अगस्त से होना है। यह लीग 10 सितम्बर तक चलने वाली है। बीसीसीआई ने भारतीय महिलाओं को लीग क्रिकेट के लिए अनुमति दी है। श्रेयांका को गयाना अमेजन वॉरियर्स ने टीम में शामिल किया है। बिग बैश लीग में भारत की कई महिलाएं खेलती हैं। अब श्रेयांका कैरेबियन प्रीमियर लीग में खेलने वाली है।
श्रेयांका हाल ही में इमर्जिंग एशिया कप में चमकी थीं। वह हांगकांग में हुए इस टूर्नामेंट में 2 मैचो में 9 विकेट लेने में सफल रही थीं। टीम इंडिया पहला मैच खेलने के बाद सीधा फाइनल में पहुँच गई थी। भारतीय टीम को फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करने का मौका मिला था।
कैरेबियन प्रीमियर लीग में गयाना की कप्तानी स्टेफनी टेलर के पास रहेगी। गयाना का पहला मुकाबला बारबाडोस के खिलाफ होना है। यह मैच एक सितम्बर को होना है। दूसरा मुकाबला ट्रिनबागो नाईटराइडर्स के खिलाफ होगा। स्पिन विभाग टी20 क्रिकेट में अहम भूमिका निभाता है, ऐसे में श्रेयांका का प्रदर्शन देखने लायक होगा।












Click it and Unblock the Notifications