'वो उससे बहुत आगे है', हार्दिक पांड्या बनाम बेन स्टोक्स पर पूर्व पाक कप्तान ने सुनाया अपना फैसला
नई दिल्ली, 22 सितंबर: भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 में चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मोहाली में यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए कई सवाल छोड़ जाता है। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 208 रन बनाए लेकिन चार गेंद शेष रहते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज कर ली। ऑस्ट्रेलिया की जीत के हीरो रहे कैमरुन ग्रीन और मैथ्यू वेड जिन्होंने 61 और 45 रनों की पारी खेली।

बेस्ट ऑलराउंडरों में हार्दिक पांड्या
भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इतना भी स्कोर ना कर पाता अगर उनको हार्दिक पांड्या का सपोर्ट ना मिलता। हार्दिक ने लगातार बेहतर की ओर बढ़ने के सफर पर एक और पड़ाव रखते हुए 30 गेंदों पर नाबाद 71 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया के बढ़िया स्कोर दिया।
हार्दिक का उभार भारतीय क्रिकेट के लिए नया है। यह विश्व क्रिकेट के लिए भी नया है। हार्दिक एक बल्लेबाज के तौर पर बहुत ज्यादा बेहतर हो चुके हैं। एक गेंदबाज के तौर पर भी काफी बेहतर कर रहे हैं। वे गेंदबाजी कर पा रहे हैं, वह भी काफी तेज गति से। हार्दिक की उम्दा बैटिंग और उनकी तेज गेंदबाजी उनको आधुनिक समय के बेस्ट ऑलराउंडरों में खड़ा करती है।

बड़ी स्टेज पर साबित करना बाकी
आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में भी पांड्या ने ऑलराउंडर की लिस्ट में 5वां स्थान पाया है। कई बार हार्दिक की तुलना इस चक्कर में बेन स्टोक्स से हुई है जो इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान हैं।
हालांकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ अभी हार्दिक के बारे में कोई जजमेंट पास नहीं करना चाहते। वे चाहते हैं कि यह ऑलराउंडर पहले खुद को बड़ी स्टेज पर भी साबित करे। तभी बात कुछ बन पाएगी।

बेन स्टोक्स बहुत आगे
लतीफ से जब उनके यू-ट्यूब चैनल कॉट बिहाइंड पर हार्दिक पांड्या के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेन स्टोक्स के साथ हार्दिक की तुलना को भी नकार दिया। उनका कहना है दोनों के बीच तुलना का कोई तुक नहीं बनता। बेन स्टोक्स ने 2019 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को जिताने में बहुत अहम रोल निभाया था।
उन्होंने कहा, 'इसमें कोई शक नहीं है कि वह (हार्दिक) बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन यह द्विपक्षीय सीरीज है। आप द्विपक्षीय सीरीज में ऐसी पारी देखते हैं। हाल ही में एशिया कप का समापन हुआ और आपको उन प्रदर्शनों को भी गिनना होगा। मैं आज के मैच की बात नहीं कर रहा, लेकिन बेन स्टोक्स ने खुद को साबित किया हुआ है। उन्होंने विश्व कप जीता और उसने इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैच जीते।"

हार्दिक की कुछ पारियां बेन स्टोक्स से बेहतर रही
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कहा, "इसलिए, मुझे नहीं लगता कि जब मैदानी प्रदर्शन की बात आती है तो आप तुलना भी कर सकते हैं। क्योंकि ट्रॉफी एक ट्रॉफी होती है। बेन स्टोक्स इसमें हार्दिक से काफी आगे हैं। हां, हार्दिक की कुछ पारियां बेन स्टोक्स से बेहतर रही हैं, लेकिन बेहतर पारी और स्टोक्स से बेहतर होना दो पूरी तरह से अलग चीजें हैं।"
पांड्या 23 सितंबर को नागपुर में होने वाले दूसरे टी 20 में एक्शन में वापसी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications