Hardik Pandya: वर्ल्ड कप से बाहर होंगे हार्दिक पंड्या? चोट पर आए अपडेट से टेंशन में कप्तान रोहित शर्मा
Hardik Pandya injury update: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में लगातार पांच मैच जीतने के बाद टीम इंडिया 10 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर विराजमान है। टूर्नामेंट में भारत का छठा मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ 29 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले हार्दिक पंड्या की चोट पर आए अपडेट ने टीम इंडिया को चिंता में डाल दिया है।
दरअसल, क्रिकेटनेक्स्ट के अनुसार, हार्दिक पंड्या के 29 अक्टूबर को लखनऊ में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के अगले विश्व कप मुकाबले में नहीं खेलने की उम्मीद है। पंड्या 19 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। इस इंजरी के बाद ऑलराउंडर को धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से बाहर होना पड़ा था। हालांकि, यह चोट बड़ी नहीं मानी जा रही है, लेकिन मैनजमेंट पंड्या पर दबाव डालना नहीं चाहता है और फिट होने के लिए उन्हें अधिक समय देना चाहता है।

हार्दिक पंड्या को चोट के कारण पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ मैच बीच में ही छोड़ना पड़ा। पंड्या को खेल के नौवें ओवर में चोट लगी। जैसे ही पंड्या ने बांग्लादेशी बल्लेबाज लिटन दास की ड्राइव को रोकने की कोशिश की, उन्होंने अपना संतुलन खो दिया। एक दुर्भाग्यपूर्ण स्लिप के कारण उनके बाएं टखने में खिंचाव आ गया, जिसके बाद वह दर्द में दिखे, और फिर तुरंत ग्राउंड मेडिकल स्टाफ को मैदान पर पहुंचना पड़ा।
मैच के बाद रोहित शर्मा ने मीडिया से पंड्या की स्थिति पर चर्चा की। भारतीय कप्तान ने स्पष्ट किया कि चोट गंभीर नहीं है, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अधिक मूल्यांकन की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी चोटों के लिए निगरानी की आवश्यकता होगी। शर्मा ने इस घटना को ज़्यादा तवज्जो नहीं दी और प्रशंसकों को आश्वस्त किया कि भारत के उपकप्तान को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications