'हार्दिक पांड्या में भारत का कप्तान बनने के सभी गुण मौजूद हैं,' दिग्गज खिलाड़ी की प्रतिक्रिया
हार्दिक पांड्या ने आईपीएल के अलावा भारतीय टीम के लिए खेलते हुए भी कप्तानी की है. उन्होंने अपना कौशल दिखाया है. इसे लेकर राशिद खान की तरफ से बड़ी प्रतिक्रिया आई है. राशिद खान ने पांड्या को अच्छा कप्तान बताया.

Rashid Khan on Hardik Pandya: हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के लिए चमकते हुए खिलाड़ियों में से एक हैं। बैटिंग और गेंदबाजी के अलावा पांड्या ने मौका मिलने पर कप्तानी का जिम्मा भी उठाया है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए विदेशी सरजमीं पर कप्तानी की है। आईपीएल में पहली बार कप्तानी करते हुए पांड्या ने अपनी टीम गुजरात टाइटंस को खिताबी जीत दिलाई थी। इस बीच अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने पांड्या में कप्तानी के गुण बताए हैं।
पांड्या के अंदर लीडरशिप क्वालिटी
एएनआई के अनुसार राशिद खान ने कहा कि मैं हार्दिक पांड्या की कप्तानी में आईपीएल में खेला हूं और उनके पास लीडरशिप क्वालिटी और टीम को आगे लेकर जाने की क्षमता है। उनको कप्तान बनाने का निर्णय भारतीय क्रिकेट बोर्ड को लेना है लेकिन मैंने उनकी कप्तानी में खेलने का आनन्द उठाया है।
हाल ही में कप्तान बने थे पांड्या
गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या ने हाल ही में टीम इंडिया की कप्तानी का जिम्मा संभाला था। भारतीय टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप के बाद ब्रेक पर चले गए थे। न्यूजीलैंड दौरे पर पांड्या को टीम इंडिया का टी20 कप्तान बनाया गया था। वहां उन्होंने अपनी लीडरशिप दिखाई थी। भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से जीत दर्ज की थी। हालांकि बारिश के कारण सीरीज के दो मुकाबले धुल गए थे लेकिन पांड्या की कप्तानी में भारतीय टीम ने सीरीज अपने नाम की थी।
राशिद खान टी10 लीग खेल रहे हैं
राशिद खान दुनिया भर में छोटे प्रारूप की लीग्स में हिस्सा लेते रहते हैं। यूएई में चल रही अबुधाबी टी10 लीग में वह खेल रहे हैं। राशिद खान ने कहा कि अलग प्रारूप में आपको तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिलता है। जब आप अपने देश के लिए खेल रहे होते हो तो मानसिक रूप से इन मैचों से मजबूती मिलती है। गेंदबाजों को पहली गेंद से ही बल्लेबाज टार्गेट करते हैं, आपको सही क्षेत्रों में गेंदबाजी करने के लिए खुद के कौशल और क्षमता पर भरोसा करना होता है।












Click it and Unblock the Notifications