रवि शास्त्री ने हार्दिक को कप्तान बनाने का किया इशारा, कहा- जिम्मेदारी मिलने पर अलग क्रिकेटर हैं पांड्या
नई दिल्ली, जुलाई 17। टीम इंडिया के हरफनमौला ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने जब से आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया है तभी से तमाम दिग्गज क्रिकेटर उनकी तारीफ कर रहे हैं। आईपीएल 2022 के बाद से पांड्या के प्रदर्शन में गजब का निखार भी आया है। ऐसे में भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने पांड्या की तारीफ करते हुए कहा है कि इस खिलाड़ी पर आप जब-जब जिम्मेदारी का बोझ डालेंगे, तब-तब यह खिलाड़ी एक अलग ही क्रिकेटर के रूप में नजर आएगा।

क्या कहा है रवि शास्त्री ने?
रवि शास्त्री ने हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने की ओर इशारा करते हुए कहा है कि एक लीडर के रूप में जब भी आप हार्दिक को अतिरिक्त जिम्मेदारी देंगे तो उनके खेल में एक अलग ही निखार देखने को मिलेगा। रवि शास्त्री ने कहा कि पांड्या को अतिरिक्त जिम्मेदारी निश्चित रूप से खेल के सभी फॉर्मेट में उनके प्रदर्शन को बढ़ा देती है। शास्त्री ने कहा कि गुजरात टाइटन्स ने पांड्या को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी थी तो उन्होंने अपने प्रदर्शन के साथ-साथ कप्तानी से भी सभी को चौंकाया है। ऐसे में पांड्या बल्लेबाजी और फील्डिंग के विपरीत बिल्कुल अलग क्रिकेटर होते हैं।
आईपीएल से पहले सदमे में थे पांड्या
रवि शास्त्री ने खुलासा किया है कि हार्दिक पांड्या आईपीएल 2022 के शुरू होने से पहले एक तरह से सदमे में थे। शास्त्री ने बताया कि जब मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को रिटेन नहीं किया था तो उन्हें सदमा लगा था। वो हैरान थे कि मुंबई ने रोहित, बुमराह, पोलार्ड और सूर्यकुमार को रिटेन किया था, लेकिन उन्हें रिटेन नहीं किया था। ऐसे में गुजरात ने ना सिर्फ उन्हें टीम में लिया बल्कि कप्तान भी बनाया और पांड्या ने इसका रिवॉर्ड खिताब जीतकर दिया।












Click it and Unblock the Notifications