'कोहली अभी 1-2 साल के लिए संभाल सकते हैं RCB की कमान'

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली अभी 1-2 साल के लिए राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के लिए कमान संभाल सकते है। ऐसा मानना है भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह का। हरभजन ने कहा कि यदि कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी संभालते हैं और कुछ साल तक जारी रखते हैं तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी। हरभजन ने हालांकि कुछ नाम बताए जो कप्तान बन सकते हैं, लेकिन उन्होंने यह भी बताया कि अंत में कोहली से बेहतर कोई कप्तान नहीं हो सकता।
यह भी पढ़ें- IPL Auction : कब-कितने बजे शुरू होगी नीलामी, कहां देख सकेंगे LIVE, जानें खास बातें

कोहली ने 8 सीजन तक की थी कप्तानी
आईपीएल 2022 की नीलामी से पहले आरसीबी ने 3 खिलाड़ियों को रिटेन किया। आरसीबी ने कोहली को 15 करोड़ रुपए, ग्लेन मैक्सवेल को 11 करोड़ रुपए और मोहम्मद सिराज को 7 करोड़ रुपए में रिटेन किया, लेकिन अभी तक नए कप्तान के बारे में जिक्र नहीं किया। आरसीबी के पास नीलामी में उतरते समय 57 करोड़ रुपए की रकम होगी। वह नए कप्तान की तलाश में होगी, लेकिन हरभजन का मानना है कि अगर कोहली एक बार फिर से काम करने को तैयार हैं तो टीम के लिए सही साबित हो सकते हैं। कोहली ने आईपीएल 2021 के बाद आरसीबी कप्तान के रूप में पद छोड़ दिया। कोहली ने 8 सीजन तक टीम की कप्तानी की लेकिन खिताब नहीं दिला पाए। कोहली ने कार्यभार प्रबंधन को उजागर करते हुए टी20आई कप्तानी भी छोड़ दी थी। उन्हें भारत के वनडे कप्तान के रूप में भी बर्खास्त कर दिया गया था जिसके बाद उन्होंने इस साल जनवरी में टेस्ट कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया था।

कोहली जैसा कोई नहीं
हरभजन सिंह ने कहा कि श्रेयस अय्यर, जो आईपीएल 2022 की नीलामी के लिए 10 मार्की खिलाड़ियों में से एक है, आरसीबी में एक अच्छे फिट हो सकते हैं लेकिन कोहली जैसा कोई नहीं। हरभजन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, "कई बड़े नाम होने के बावजूद आरसीबी ऐसी टीम है जिसने अभी तक खिताब नहीं पाई है। एबी डिविलियर्स इस सीजन में नहीं खेलेंगे और कोहली ने कप्तानी छोड़ दी है। ऐसे में उन्हें एक कप्तान खोजने की जरूरत है। भारतीयों में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन दो ऐसे नाम हैं जो टीम की कप्तान संभाल सकते हैं।'' इस बार ईशान किशन भी नीलामी में दिखेंगे जिन्हें मुंबई इंडियंस ने रिटेन नहीं किया था। वे भी आईपीएल नीलामी में 2 करोड़ रुपए के बेस प्राइस में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा, "श्रेयस ने दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए कप्तानी कर अपना कौशल दिखाया है। लेकिन मुझे लगता है कि कोहली को फिर से कप्तानी की टोपी पहननी होगी क्योंकि आरसीबी को उनसे बेहतर कप्तान नहीं मिलेगा। आरसीबी एक नई टीम बना रहा है और वे एक अच्छे नेता की तलाश करेंगे। लेकिन क्या कोहली भूमिका निभाना चाहते हैं? यह एक बड़ी चुनौती रहेगी, लेकिन कोहली अभी 1-2 साल के लिए RCB की कमान संभाल सकते हैं। ऐसा होता है तो मुझे हैरानी नहीं होगी।''

इन विदेशियों को भी बताया विकल्प
हरभजन ने यह भी कहा कि डेविड वार्नर, एरोन फिंच और इयोन मोर्गन ऐसे विदेशी खिलाड़ी हैं जो कप्तान बनने के लिए सही हैं। हरभजन ने कहा, "विदेशी विकल्पों की बात करें तो डेविड वार्नर सर्वश्रेष्ठ पिक हैं। वह टीम की कप्तानी भी करेंगे और रन भी बनाएंगे। फिंच भी कमान संभाल सकते हैं। उन्होंने बल्ले से असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन आरसीबी कप्तान के रूप में भी उन्हें देख सकती है। इयोन मोर्गन के पीछे भी आरसीबी भाग सकता है। मैं कोलकाता नाइट राइडर्स में मोर्गन की कप्तानी में खेला हूं और उसका रवैया शांत है। लेकिन मेरे अनुसार, कोहली की कप्तानी में वापसी बैंगलोर के लिए सबसे अच्छा विकल्प है।" आईपीएल 2022 की नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगी।












Click it and Unblock the Notifications