RR vs GT: IPL इतिहास में हार्दिक पांड्या ने पहली बार किया यह कारनामा, अभिनव-मिलर ने भी खेली आतिशी पारी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 24वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां पर गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम अंकतालिका में पहले पायदान पर कब्जा जमाने की जंग लड़ती नजर आ रही हैं। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गये इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, हालांकि ट्रेंट बोल्ट के चोटिल होने का खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। वहीं गुजरात टाइटंस के लिये हार्दिक पांड्या (87), डेविड मिलर (31) और अभिनव मनोहर (43) के बल्ले से आतिशी पारियां आई, जिसकी वजह से गुजरात की टीम एक विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।

गुजरात टाइंटस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 192 रनों का स्कोर खड़ा किया और जीत के लिये 193 रनों का लक्ष्य दिया है। गुजरात टाइटंस के लिये इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी और उसने महज 15 रन पर अपने 2 विकेट खो दिये थे, जबकि 53 रन के स्कोर पर तीसरा विकेट खोया।
और पढ़ें: 'T20 में भुवनेश्वर से बेहतर गेंदबाज है पंजाब का अनकैप्ड पेसर', संजय मांजरेकर ने की जमकर तारीफ

पहली बार आईपीएल में ठोंका लगातार दो अर्धशतक
हालांकि इसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या और अभिनव मनोहर ने पहले चौथे विकेट के लिये 86 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला तो वहीं पर आखिरी के ओवर्स में डेविड मिलर (31) की आतिशी पारी की बदौलत पांचवे विकेट के लिये 53 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 192 पर पहुंचा दिया। पिछले मैच में सनाइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी हार्दिक पांड्या ने नाबाद 50 रनों की पारी खेली थी और 2 साल में पहली बार आईपीएल का अर्धशतक लगाया था। वहीं हार्दिक पांड्या ने इस मैच में भी नाबाद 87 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही हार्दिक पांड्या ने आईपीएल इतिहास में पहली बार लगातार दो मैचों में अर्धशतकीय पारी खेलने का कारनामा किया है।

हार्दिक पांड्या के नाम हुई ऑरेन्ज कैप
हार्दिक पांड्या ने अपनी पारी के दौरान 52 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 4 छक्के एवं 8 चौके की मदद से नाबाद 87 रनों की पारी खेली। हार्दिक पांड्या के लिये यह उनके आईपीएल करियर का छठा अर्धशतक है, जिसके दम पर उन्होंने इस सीजन की ऑरेन्ज कैप भी अपने नाम कर ली है। हालांकि दूसरी पारी में खेलने आये जोस बटलर ने महज 4 गेंदों में 3 चौके लगाकर फिर से ऑरेन्ज कैप को अपने नाम कर लिया। हार्दिक पांड्या ने अभी तक खेले गये मैचों में दमदार बल्लेबाजी करते हुए 76 की औसत से 228 रन बना लिये हैं। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा सर्वोच्च स्कोर भी है। हार्दिक का आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर 91 रन रहा है।

अभिनव मनोहर ने भी खेली दमदार पारी
वहीं हार्दिक पांड्या के साथ 86 रनों की साझेदारी करने वाले अभिनव मनोहर ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और महज 28 गेंदों में ताबड़तोड़ 43 रनों की पारी खेल डाली। अभिनव मनोहर इस मैच में अपना पहला आईपीएल अर्धशतक लगाने से भले चूक गये लेकिन उनकी आतिशी पारी ने गुजरात के फैन्स का दिल जीत लिया। अभिनव मनोहर ने अपनी पारी के दौरान 28 गेंदो का सामना किया और 4 चौके एवं 2 छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली। चहल ने अभिनव मनोहर को अश्विन के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेजने का काम किया।

डेविड मिलर ने भी 14 गेंदों में ठोंके 31 रन
लंबे समय से आईपीएल में अपना रंग जमाने में नाकाम रहे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर ने भी अच्छी पारी खेली और हार्दिक के साथ नाबाद 53 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 192 तक पहुंचाया। डेविड मिलर ने इस दौरान 14 गेंदों का सामना कर 5 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 31 रनों की पारी खेली। राजस्थान के लिये कुलदीप सेन, युजवेंद्र चहल और रियान पराग ने एक-एक विकेट चटकाने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications