रोजर फेडरर की भावुक विदाई में राफेल नडाल की आंखें हुईं नम, विराट कोहली बोले- यही खेल की खूबसूरती
लेवर कप में हार के साथ महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने शुक्रवार को अपने करियर से संन्यास ले लिया। आखिरी टूर्नामेंट में उन्होंने राफेल नडाल के साथ जोड़ी बनाई थी।
नई दिल्ली, 24 सितंबर: लेवर कप में हार के साथ महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने शुक्रवार को अपने करियर से संन्यास ले लिया। आखिरी टूर्नामेंट में उन्होंने राफेल नडाल के साथ जोड़ी बनाई थी। अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो और जैक सॉक के साथ हुए इस मैच में 4-6, 7-6, 11-9 से फेडरर को हार का सामना करना पड़ा। 41 साल के फेडरर ने अपने करियर में 20 ग्रैंडस्लैम खिताब जीते और वह कई सप्ताह तक दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी भी रहे।

नडाल भी हुए भावुक
मैच खत्म होने के बाद फेडरर ने प्रोफेशनल टेनिस को अलविदा कहा। उन्होंने सबसे पहले नडाल और फिर टियाफो और सॉक को गले लगाया। फेडरर इसके बाद भावुक हो गए और जब वह टीम यूरोप के अन्य खिलाड़ियों से मिलने जा रहे थे तो वह अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए। स्टेडियम में मौजूद दर्शक तालियां बजा रहे थे। फेडरर ने इसके बाद दर्शकों का आभार व्यक्त किया। फेडरर की विदाई पर रफेल नडाल भी भावुक नजर आए और वह भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।

यही खेल की खूबसूरती है
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी फेडरर के संन्यास पर अपनी प्रतिक्रिया दी। विराट ने एक फोटो शेयर की जिसमें फेडरर और नडाल भावुक नजर आ रहे हैं। इस फोटो के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, किसने सोचा था कि प्रतिद्वंद्वी एक-दूसरे के प्रति ऐसा महसूस कर सकते हैं। यही खेल की खूबसूरती है। यह मेरे लिए अब तक की सबसे खूबसूरत खेल की तस्वीर है। जब आपके साथी आपके लिए रोते हैं, तो आप जानते हैं कि आप अपनी भगवान द्वारा दी गई प्रतिभा के साथ क्यों कर पाए हैं। इन 2 के लिए सम्मान के अलावा कुछ नहीं।
Koo AppWho thought rivals can feel like this towards each other. That's the beauty of sport. This is the most beautiful sporting picture ever for me 🙌❤️🫶🏼. When your companions cry for you, you know why you've been able to do with your god given talent. Nothing but respect for these 2. #rogerfederer #rafaelnadal - Virat Kohli (@virat.kohli) 24 Sep 2022

103 सिंगल खिताब जीते
स्विजरलैंड के स्टार खिलाड़ी रोजर फेडरर ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि वह इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता के बाद टेनिस से संन्यास ले लेंगे। इसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि डबल मैच उनका आखिरी मैच होगा। फेडरर को पिछले साल विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में हार के बाद अपने दाहिने घुटने के तीन ऑपरेशन कराने पड़े थे। इसके बाद वह कोर्ट पर नहीं उतर पाए और इस तरह से विंबलडन का वह मैच उनका आखिरी सिंगल मैच साबित हुआ। फेडरर ने कुल 103 सिंगल खिताब जीते और वह 310 सप्ताह तक एटीपी रैंकिंग में टॉप रहे।












Click it and Unblock the Notifications