'क्या शानदार डेब्यू है!' गूगल के CEO भी हुए वैभव सूर्यवंशी के फैन, छक्के लगाते देख दिया गजब का रिएक्शन
IPL 2025 का ये सीजन वैसे भी काफी धमाकेदार रहा है, लेकिन शनिवार की रात एक ऐसा पल आया जिसने करोड़ों फैंस के साथ-साथ दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी के CEO सुंदर पिचाई को भी हैरान कर दिया। वजह? सिर्फ 14 साल का एक लड़का, जिसने IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में डेब्यू किया और आते ही LSG के खिलाफ पहला बॉल छक्के के लिए उड़ा दिया।
बिहार के समस्तीपुर जिले से आने वाले वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाज देख सुंदर पिचाई भी खुद को रिएक्ट करने से नहीं रोक सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में वैभव की तारीफ करते हुए लिखा, 'सुबह उठते ही 8वीं क्लास के बच्चे को IPL में खेलते हुए देखा! क्या शानदार डेब्यू किया है!

पिचाई का ये ट्वीट कुछ ही घंटों में वायरल हो गया और क्रिकेट फैंस के साथ-साथ टेक वर्ल्ड में भी वैभव सूर्यवंशी की चर्चा छा गई। वो 8वीं क्लास में पढ़ते हैं और IPL में छक्के जड़ रहे हैं- ये अपने आप में फिल्मी कहानी जैसा लगता है।
14 साल, 23 दिन की उम्र में IPL डेब्यू- बना नया इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू किया और 14 साल 23 दिन की उम्र में IPL में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
उन्होंने 2019 में डेब्यू करने वाले प्रयास रे बर्मन (16 साल, 157 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्हें $130,500 में राजस्थान ने पिछले साल ही खरीदा था, तब वो सिर्फ 13 साल के थे।
पहली ही बॉल पर छक्का, 20 गेंदों में 34 रन
मैच में कप्तान संजू सैमसन की चोट के बाद वैभव को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में टीम में शामिल किया गया। उन्होंने ओपनिंग करते हुए पहली ही गेंद पर शार्दुल ठाकुर को छक्का मारा और फिर 20 गेंदों में 34 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनका 85 रनों का ओपनिंग स्टैंड यशस्वी जायसवाल के साथ देखने लायक था।
किसान का बेटा, जिसने 12 साल में रणजी खेला
बिहार के एक छोटे से गांव से आने वाले वैभव के पिता किसान और पार्ट टाइम पत्रकार हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 12 साल की उम्र में ही बिहार के लिए रणजी डेब्यू कर लिया था। उनका नाम पहली बार सुर्खियों में तब आया जब उन्होंने U-19 टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 58 गेंदों में शतक ठोका था - ये युवाओं की टेस्ट क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज़ शतक है। राजस्थान ने वैभव को IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा।
राहुल द्रविड़ ने कहा- 'इसमें गजब की स्किल है'
राजस्थान रॉयल्स के कोच राहुल द्रविड़ पहले ही नेट्स में वैभव को देखकर प्रभावित हो चुके थे। ऑक्शन से पहले ही उन्होंने कहा था कि इस लड़के में कुछ बहुत बढ़िया स्किल हैं। अब जब वैभव ने सबके सामने अपनी स्किल दिखाई, तो भारत को एक और बाएं हाथ का विस्फोटक ओपनर मिल गया है।












Click it and Unblock the Notifications