'देश के लिए वर्ल्ड कप भी छोड़ना पड़े तो तैयार रहें', पाकिस्तान विवाद के बीच कोच गंभीर का बयान वायरल
Gautam Gambhir Video Viral: साल 2026 के टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। पाकिस्तान सरकार के निर्देश के बाद पीसीबी (PCB) ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की बात कह दी है। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच भारतीय टीम के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर का साल 2019 का एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा का विषय बन गया है।
गौतम गंभीर का पुराना वीडियो वायरल (Gautam Gambhir Video Viral)
पुलवामा आतंकी हमले के बाद साल 2019 में गौतम गंभीर ने स्पष्ट रूप से कहा था कि भारत को पाकिस्तान के साथ क्रिकेट के सभी रिश्ते तोड़ देने चाहिए। उन्होंने तब तर्क दिया था कि खेलों में शर्तों के साथ प्रतिबंध नहीं हो सकते। गंभीर ने उस समय मीडिया से कहा था कि दो अंक देश से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हैं। पुलवामा में जो हुआ वह कतई स्वीकार्य नहीं है। यदि हम वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाते या फाइनल का त्याग करना पड़ता है, तो देश को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। हमारे जवानों की शहादत एक क्रिकेट मैच से कहीं ज्यादा अहम है।

पाकिस्तान ने किया खेलने से मना
साल 2026 के इस टूर्नामेंट में भारत को अपना मैच श्रीलंका में खेलना है, क्योंकि पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया था। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से भिड़ने के लिए तैयार है। हालांकि, ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका का सफर तो तय कर लिया है, लेकिन वे भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
ICC के सामने नई चुनौती
हालांकि पीसीबी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर आईसीसी (ICC) को लिखित में बहिष्कार की सूचना नहीं दी है, लेकिन सरकारी आदेश के चलते पाकिस्तान का रुख अडिग नजर आ रहा है। यदि पाकिस्तान इस मैच से पीछे हटता है तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इससे पहले साल 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप के दौरान भी दोनों टीमें आमने-सामने आईं थीं, जहां गंभीर भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा थे।












Click it and Unblock the Notifications