Gautam Gambhir ने यशस्वी जायसवाल को टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए टीम इंडिया में शामिल करने की उठाई मांग
Sports News: आईपीएल 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) को जब वेस्टइंडीज के खिलाफ डोमिनिका में टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला तो उन्होंने यहां भी कमाल कर दिया। यशस्वी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले डेब्यू टेस्ट में शतक और दूसरे टेस्ट में अर्धशतक जड़कर सभी को हैरान कर दिया। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने युवा खिलाड़ी को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
जायसवाल को टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम में शामिल करने की मांग
गौतम गंभीर ने कहा है कि यशस्वी जायसवाल को टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम में होना चाहिए। न्यूज18 पर बातचीत के दौरान गंभीर ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग 2023 और घरेलू मैच में अपने जबरदस्त प्रदर्शन के बाद जायसवाल तुरंत भारतीय टी20ई टीम में चयन के योग्य हैं।

उत्तर प्रदेश में जन्मे और मुंबई में पले-बढ़े जायसवाल की क्रिकेट स्टारडम तक की यात्रा किसी प्रेरणा से कम नहीं है। उनकी प्रतिभा को सबसे पहले स्थानीय कोच ज्वाला सिंह ने पहचाना, जिन्होंने उन्हें सफलता का पथ दिखाने में अहम भूमिका निभाई।
आईपीएल में जायसवाल ने अपने प्रदर्शन से सभी को किया प्रभावित
आईपीएल 2023 में जायसवाल का प्रदर्शन शानदार रहा, उन्होंने 14 मैचों में 625 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। यह प्रदर्शन उनके प्रभावशाली घरेलू रिकॉर्ड के बाद आया, जहां वह विजय हजारे ट्रॉफी खेल में दोहरा शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए। जयसवाल की उम्र 17 साल और 292 दिन थी जब उन्होंने टूर्नामेंट में दोहरा शतक लगाया।
गंभीर ने कहा कि, 'भारत में मुद्दा यह है कि हम आईपीएल के 2 महीनों को इतनी गंभीरता से लेते हैं कि जो भी अच्छा करता है हम उसे भारतीय टीम में शामिल करते हैं। जयसवाल ने घरेलू क्रिकेट में फर्स्ट क्लास और वन-डे दोनों मैचों में दोहरा शतक बनाया है।' गंभीर का मानना था कि घरेलू क्रिकेट में दोहरे शतक के बाद आईपीएल में जयसवाल की सफलता महज 'सोने पर सुहागा' है।












Click it and Unblock the Notifications