विराट के शतक पर बोले गंभीर, अगर किसी युवा बल्लेबाज ने 3 साल में शतक नहीं लगाया होता तो...
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को एशिया कप 2022 के सुपर-4 के भारत के आखिरी मैच में तूफानी शतक जड़ा।
नई दिल्ली, 10 सितंबर: पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को एशिया कप 2022 के सुपर-4 के भारत के आखिरी मैच में तूफानी शतक जड़ा। अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 61 गेंदों पर 122 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। विराट का यह 71वां शतक 1021 दिन बाद आया। इसके साथ ही उन्होंने सेंचुरी का सूखा खत्म किया, विराट का यह टी20 इंटरनेशनल में पहला शतक है। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर विराट के शतक पर कहा कि कोहली एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो लंबे समय तक फॉर्म से जूझते रहे और बावजूद इसके उन्होंने लगातार खेलना जारी रखा। कोई अन्य खिलाड़ी होते तो उसे इतने लंबे समय तक मौके ही नहीं मिलते, चाहे वह किसी भी फॉर्मेट का कितना भी बड़ा खिलाड़ी क्यों नहीं होता।
Recommended Video

करीब 3 साल बाद लगाया शतक
विराट कोहली ने 23 नवंबर 2019 को अपना आखिरी इंटरनेशनल शतक जड़ा था। कोलकाता में खेले गए इस मैच में विराट ने बांग्लादेश के खिलाफ 136 रन की पारी खेली थी। कोहली ने अपने 71वें शतक के लिए सभी फॉर्मेट में 83 पारियों का सामना किया। विराट ने वनडे में 43 और टेस्ट में 27 शतक लगाए हैं। बीते करीब तीन साल से कोहली शतक लगाने में नाकाम रह रहे थे। ऐसे में लगातार उनकी आलोचना भी हो रही थी। लेकिन टी20 विश्वकप 2022 से पहले विराट की फॉर्म में वापसी भारतीय टीम के लिए शुभ संकेत है।

एशिया कप में शानदार प्रदर्शन
एशिया कप 2022 में विराट कोहली शानदार लय में नजर आए। लंबे ब्रेक के बाद वापसी करने वाले कोहली ने टूर्नामेंट में 2 अर्धशतक और 1 शतक लगाया। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 34 गेंदों पर 35, हांगकांग के खिलाफ 44 गेंदों पर 59, पाकिस्तान के खिलाफ 44 गेंदों पर 60 और अफगानिस्तान के खिलाफ 61 गेंदों पर 122 रन की पारी खेली। स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में गौतम गंभीर ने कहा, विराट कोहली ने अपने क्रिकेट करियर में जो हासिल किया है उसकी वजह से ही वह तीन सालों तक टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स का समर्थन पा सके। शायद अन्य क्रिकेटर्स को इतना समर्थन नहीं मिला होगा। गंभीर ने बताा कि आर अश्विन, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा और केएल राहुल अपनी खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर हो चुक हैं।

तीन साल लंबा समय होता
गंभीर ने कहा कि तीन साल बहुत लंबा समय होता है। यह तीन महीने नहीं है और मैं उनकी आलोचना करने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। लेकिन उन्हें इतने मौके इसलिए दिए गए क्योंकि खराब फॉर्म से पहले विराट ने भारत के लिए बहुत रन बनाए हैं। मुझे नहीं लगता कि अगर किसी युवा बल्लेबाज ने तीन साल में शतक नहीं लगाया होता तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में टिक पाता। उन्होंने कहा कि आखिरकार यह होना ही था और यह सही समय पर भी हुआ। टी20 विश्वकप करीब है।

कोई अन्य बल्लेबाज नहीं टिकता
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ड्रेसिंग रूम में कोई भी शतक के बिना तीन साल तक अपनी जगह बनाने में सफल रहा हो। दिग्गज भारतीय स्पिनर आर अश्विन, अजिंक्य रहाणे, वर्तमान में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल जैसे लोगों को बाहर किया गया है। मैं एक ऐसे व्यक्ति को नहीं जानता जिसे तीन साल में शतक न बनाने के बाद भी टीम से बाहर नहीं किया गया हो। यह केवल विराट कोहली हैं और उन्होंने इसे अर्जित किया है। टी20 विश्वकप से पहले कोहली अभी ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी खेलते हुए नजर आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications