'पाकिस्तान को भारत के साथ कभी क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए', जय शाह के बयान से बौखलाया पूर्व पाक खिलाड़ी
पाकिस्तान के पूर्व ओपनर मुदस्सर नजर (Mudassar Nazar) ने पाकिस्तान क्रिकेट को भारत के साथ किसी भी तरह का मैच खेलने से इनकार किया है।
Mudassar Nazar on Asia Cup issue: पाकिस्तान के पूर्व ओपनर मुदस्सर नजर (Mudassar Nazar) ने पाकिस्तान क्रिकेट को भारत के साथ किसी भी तरह का मैच खेलने से इनकार किया है। एशिया कप के लिए भारत के पाकिस्तान नहीं जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए मुदस्सर नजर ने कहा कि अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को कुछ बड़े फैसले लेने होंगे। पाकिस्तान को भारतीय टीम के साथ कभी कोई मुकाबला नहीं खेलना चाहिए।

जय शाह के बयान के बाद मचा बवाल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने मंगलवार को साफ किया कि भारत अगले साल पाकिस्तान एशिया कप में हिस्सा लेने नहीं जाएगा। जय शाह ने अपने बयान में कहा था कि एशिया कप 2023 का आयोजन किसी तीसरे स्थान पर किया जाएगा। मैं यह बात एसीसी के अध्यक्ष के तौर पर कह रहा हूं। भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जा सकती है और ना ही पाकिस्तान के खिलाड़ी भारत आ सकते हैं।

पाकिस्तान को नहीं मिलेगा दूसरे बोर्डों का साथ
जय शाह के इस बयान के बाद पाकिस्तानी मीडिया से लेकर वहां के कई पूर्व क्रिकेटर गुस्से में हैं। मुदस्सर नजर ने इस मामले को गंभीरता से लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि भारत से जुड़े मुद्दों पर पाकिस्तान को दूसरे बोर्डों का साथ नहीं मिलता है। दूसरे बोर्ड अपनी जेब में पैसा भरना जानते हैं। इसलिए वह भारत को सपोर्ट करते हैं। ऐसे में अब पाकिस्तान को अकेले ही इस मामले को देखना होगा।

कर देना चाहिए टी-20 वर्ल्ड कप के मैच का बहिष्कार
मुदस्सर नजर ने क्रिकेट पाकिस्तान से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान बोर्ड को अब बिना किसी के परवाह किए बड़े फैसले लेने होंगे। मेरा मानना है कि अब हमें किसी भी स्तर पर भारत के साथ खेलने से मना कर देना चाहिए। टी-20 वर्ल्ड कप में 23 अक्टूबर को होने वाले मैच को भी पाकिस्तान की टीम को बायकॉट कर देना चाहिए। ऐसे चुप बैठने से कुछ नहीं होगा पीसीबी को एक कड़ा संदेश देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications