सरफराज के समर्थन में उतरा पूर्व भारतीय खिलाड़ी, BCCI के खिलाफ की तीखी बयानबाजी
Aakash Chopra on Sarfaraz Khan: भारतीय टेस्ट टीम से चेतेश्वर पुजारा को बाहर करने के बाद सरफराज खान को नहीं लेने के मामले में तूल पकड़ा हुआ है। हर कोई उनकी ही बात कर रहा है। खुद सरफराज ने सोशल मीडिया पर अपने आंकड़ों को रखते हुए नाराजगी जताई थी। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी बयान दिया है।
आकाश चोपड़ा का मानना है कि रणजी ट्रॉफी में इतने रन बनाने का क्या फायदा है। उन्होंने सीधा सवाल किया कि जब इस खिलाड़ी ने प्रदर्शन किया है और रन बनाये हैं तो टीम में क्यों नहीं चुना गया। उन्होंने कहा कि इस तरह करने से फर्स्ट क्लास क्रिकेट की अहमियत खत्म होगी।

अपने ट्विटर हैंडल पर चोपड़ा ने लिखा कि क्या सरफराज को ऐसे इंसान के रूप में याद किया जाएगा जिसने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रनों का पहाड़ खड़ा किया हो लेकिन भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला? मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसा न हो। मैं यह भी उम्मीद करता हूं कि टीम में आने के लिए क्या करना होगा, यह भी सरफराज को बताया गया होगा। फर्स्ट क्लास क्रिकेट भारत का दिल और आत्मा है जो खत्म हो जाएगा।
इसके अलावा आकाश चोपड़ा ने यह भी लिखा कि सूर्यकुमार यादव को अंदर-बाहर करने का क्या मतलब है? क्या लम्बे प्रारूप के लिए उनके नाम पर विचार किया जा रहा है या नहीं? वनडे में अर्शदीप सिंह को शामिल क्यों नहीं किया गया? क्या वह फिट हैं?
उल्लेखनीय है कि खुद सरफराज ने भी अपना चयन नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इन्स्टाग्राम पर अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के आंकड़े पोस्ट किये। हालांकि उनकी तरफ से कुछ लिखा नहीं गया लेकिन इशारों में ही अपनी बात समझा दी। फैन्स ने भी उनको टीम में लाने की मांग लगातार उठाई है।
सवाल यह भी किया जा रहा है कि आईपीएल में बेहतरीन खेलने वाले यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। इन दोनों को लेने के बाद सरफराज को बाहर रखने ओअर सवाल ज्यादा खड़े हो रहे हैं। पुजारा और उमेश यादव को बाहर कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications