भारत के पूर्व क्रिकेटर सलीम दुर्रानी ने 88 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, लंबी बीमारी के बाद निधन
सलीम दुर्रानी लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने घर पर अंतिम सांस ली। दुर्रानी ने भारत के लिए 29 टेस्ट खेले और 75 विकेट लिए। दुर्रानी बल्ले से भी अपने छक्के लगाने की काबिलियत को लेकर चर्चित थे।

Salim Durani: भारत के पूर्व क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का लंबी बीमारी के बाद रविवार सुबह अपने जामनगर स्थित घर में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि पारिवारिक सूत्रों ने की। वह 88 वर्ष के थे। दुर्रानी बाए हाथ के स्लो बॉलर थे जिन्होंने भारत के लिए 29 टेस्ट खेले और 75 विकेट लिए। दुर्रानी बल्ले से भी अपने छक्के लगाने की काबिलियत को लेकर चर्चित थे। उन्होंने बल्ले से वेस्टइंडीज के खिलाफ 104 के सबसे बड़े स्कोर के साथ 1202 रन बनाए।
दुर्रानी को हम 1961-62 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की सीरीज जीत में किए गए प्रदर्शन के लिए सबसे ज्यादा जान सकते हैं। उन्होंने कोलकाता और चेन्नई टेस्ट में आठ और दस विकेट लेकर भारत को 2-0 से सीरीज जीत दिलाई थी। घरेलू क्रिकेट में दुरानी ने सौराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात के लिए रणजी ट्रॉफी खेली। वे पठान कुनबे से ताल्लुक रखते थे और उनके माता-पिता अफगान थे। दुर्रानी ने गुजरात के खिलाफ अपने पहले रणजी ट्रॉफी मैच से ही अपने गेंदबाजी के जौहर दिखाने शुरू कर दिए थे।

एक समय ऐसा भी आया जब दुर्रानी 1967 से 1970 तक चार सीजन के लिए ड्रॉप कर दिए गए। फिर 1971 के वेस्ट इंडीज दौरे के लिए उन्हें फिर भारतीय टीम में वापस बुलाया गया, जहां उन्होंने भारत की ऐतिहासिक सीरीज जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जब कप्तान अजीत वाडेकर ने उन्हें गेंद फेंकी तो उन्होंने निराश नहीं किया। दुर्रानी ने गैरी सोबर्स और क्लाइव लॉयड जैसे महान बल्लेबाजों को आउट किया और भारत ने पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट जीता व सीरीज भी टीम इंडिया के नाम रही।
सलीम दुर्रानी के करियर पर एक नजर-
दुर्रानी ने टेस्ट मैचों में 25.04 के औसत के साथ बैटिंग की थी और गेंदबाजी में 35.42 के एवरेज के साथ 75 विकेट हासिल किए थे। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 33 की औसत से 8545 रन बनाए तो वहीं गेंदबाजी में 484 विकेट हासिल किए।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications