मोहम्मद शमी से आगे आवेश के चयन को पूर्व भारतीय दिग्गज ने ठहराया सही, बताई वजह
भारत ने आगामी एशिया कप 2022 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। एशिया कप से जसप्रीत बुमराह चोट के कारण बाहर हो गए, जबकि आवेश खान को टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में मोहम्मद शमी के स्थान पर चुना गया।
नई दिल्ली, 11 अगस्त। भारत ने आगामी एशिया कप 2022 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। एशिया कप से जसप्रीत बुमराह चोट के कारण बाहर हो गए, जबकि आवेश खान को टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में मोहम्मद शमी के स्थान पर चुना गया। देश भर के कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने आवेश खान के चयन पर सवाल खड़े किए हैं। विशेषज्ञों को लगता है कि बुमराह की अनुपस्थिति में भारतीय तेज गेंदबाजी कमजोर पड़ जाएगी। ऐसे में मोहम्मद शमी को चुना जाना चाहिए था क्योंकि वो एक अनुभवी खिलाड़ी हैं।

सबा करीम ने आवेश के चयन को बताया सही
हालांकि, पूर्व भारतीय विकेटकीपर और चयनकर्ता रह चुके सबा करीम ने टीम के चयन को सही करार दिया है। स्पोर्ट्स 18 के शो 'स्पोर्ट्स ओवर द टॉप' पर बातचीत के दौरान सबा करीम ने कई बातों का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि आखिर क्यों उन्हें मोहम्मद शमी की जगह आवेश खान को टीम में चुना जाना सही लगता है। आवेश खान आईपीएल के बाद से चर्चाओं में आए थे।

युवाओं में निवेश कर छोड़ना सही नहीं
सबा करीम के मुताबिक युवाओं में निवेश कर उन्हें छोड़ना सही नहीं है। आवेश खान का प्रदर्शन टी-20 में शानदार रहा है। वह आने वाले समय में भारतीय तेज गेंदबाजी को बेहतर तरीके संभाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं समझ सकता हूं कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मोहम्मद शमी एक मजबूत दांव है, खासकर जसप्रीत बुमराह के बाहर होने के बाद भारतीय तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद शमी की जरूरत थी। लेकिन भारतीय चयनकर्ताओं का युवाओं के साथ बने रहने का फैसला बिल्कुल सही है।

श्रीकांत ने शमी को लेकर कही थी यह बात
पूर्व कप्तान और पूर्व चीफ सेलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने एशिया कप 2022 के लिये भारतीय टीम में मोहम्म शमी के नहीं होने पर हैरानी जताई थी। उन्होंने कहा था कि मेरी टीम में शमी शामिल थे। अगर मैं चयनकर्ता समिति का अध्यक्ष होता तो शमी टीम में होते। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि युवा रवि विश्नोई को हालांकि मैं टीम से बाहर रखता।

एशिया कप में इन खिलाड़ियों को मिली जगह
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान।
रिजर्व खिलाड़ी: श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर।












Click it and Unblock the Notifications