'अजित भाई टीम में शामिल करो,' शिवम दुबे को टी20 वर्ल्ड कप टीम में लाने के लिए 3 दिग्गजों ने उठाई आवाज
IPL 2024: आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के दमदार खिलाड़ी शिवम दुबे ने अपनी क्लास दिखाई है। उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए धमाका कर दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ दुबे ने अपने बल्ले से तहलका मचा दिया था। दुबे ने अपनी पारी में छक्कों की बारिश कर दी।
लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में शिवम दुबे के बल्ले से 27 गेंदों में 66 रनों की पारी देखने को मिली। उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके जमाए। इस प्रदर्शन के बाद उनको टी20 वर्ल्ड कप की भारतीय टीम में शामिल करने की मांग उठी है और तीन दिग्गजों ने इसे उठाया है।

सुरेश रैना ने एक्स पर एक पोस्ट लिखकर दुबे को वर्ल्ड कप टीम में शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अजित भाई कृपया दुबे को सलेक्ट करो। रैना के अलावा दो अन्य पूर्व क्रिकेटरों ने भी दुबे को टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का दावेदार माना।
पठान ने लिखा कि क्या इस समय कोई अन्य भारतीय मिडिल या डेथ ओवरों में दुबे से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है? उनको टी20 वर्ल्ड कप की फ्लाइट में होना चाहिए। मोहम्मद कैफ ने भी कुछ ऐसा ही कहा। उन्होंने बताया कि टॉप क्रम में बड़े हिटर से पहले दुबे एक बेहतरीन विकल्प हैं। टी20 वर्ल्ड कप में दुबे को चौथे यार पांचवें नम्बर पर होना चाहिए।
गौरतलब है कि इस आईपीएल में शिवम दुबे ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। अब तक खेले गए आठ मैचों में उनके बल्ले से 311 रन देखने को मिले हैं। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप दस में शामिल हो गए हैं। दुबे ने छठा स्थान हासिल किया है और आने वाले मैचों टॉप पांच में भी आ सकते हैं।
दुबे को लाने पर हार्दिक पांड्या को टी20 वर्ल्ड कप में बाहर बैठना पड़ सकता है। पांड्या का प्रदर्शन भी खराब रहा है। वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ही अपना जलवा दिखाने में नाकाम रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications