IND vs AUS: 'इंदौर टेस्ट में छाप छोड़ने वाले उमेश यादव हैं WTC फाइनल में खेलने लायक, भूल जाओ बुमराह को'
पूर्व भारतीय क्रिकेट मदनलाल ने कहा है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में बुमराह की जगह उमेश यादव को खिलाया जाना चाहिए, बुमराह जब फिट होंगे तब देखा जाएगा।

इंदौर टेस्ट में घातक गेंदबाजी करने वाले भारतीय गेंदबाज उमेश यादव को लेकर पूर्व क्रिकेटर मदनलाल ने कहा है कि अगर भारत WTC के फाइनल में क्वालीफाई करता है तो उमेश यादव को वहां जरूर खिलाया जाना चाहिए। मदनलाल ने कहा है कि अभी के लिए भारत को जसप्रीत बुमराह को भूल जाना चाहिए और उनकी जगह उमेश यादव को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खिलाना चाहिए। बता दें कि उमेश यादव ने इंदौर टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने मैच की पहली पारी में 3 विकेट लिए थे। यह तीन विकेट ऐसे समय आए थे, जब ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज क्रीज पर सेट हो चुके थे।
इंदौर टेस्ट में छाप छोड़ गए थे उमेश यादव
आपको यह भी बता दें कि भारत के लिए इस वक्त जसप्रीत बुमराह की चोट सिरदर्द बनी हुई है। बुमराह 6 महीने से क्रिकेट से दूर हैं। बैक इंजरी की वजह से वो वापसी नहीं कर पा रहे हैं। चोट के कारण ही बुमराह पिछले साल एशिया कप और टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट नहीं खेल पाए थे और अब उनका WTC फाइनल और उसके बाद IPL से भी बाहर होना तय माना जा रहा है। बुमराह की गैरमौजूदगी में अन्य गेंदबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनमें से एक है उमेश यादव, जिन्होंने इंदौर टेस्ट में अपनी छाप छोड़ी थी।
'WTC फाइनल में पड़ेगी तीन तेज गेंदबाजों की जरूरत'
इंदौर टेस्ट में उमेश के प्रदर्शन को देखते हुए मदनलाल ने स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए कहा है कि अगर भारतीय टीम डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालीफाई करती है तो उमेश यादव फाइनल के लिए बेहतरीन गेंदबाज हैं। उनके पास अनुभव के साथ-साथ तेज गेंदबाजी का कौशल भी है। मदनलाल ने कहा है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत को तीन तेज गेंदबाजों की जरूरत पड़ेगी, इसलिए उमेश यादव सही विकल्प हैं और अभी बुमराह को इस समीकरण से बाहर रखना चाहिए। मनदलाल ने कहा कि बुमराह जब वापसी करेंगे, तब का तब देखा जाएगा, लेकिन अभी बुमराह को भूल जाओ और उमेश यादव को खिलाओ।












Click it and Unblock the Notifications