IPL Auction : ये रहे 5 सबसे महंगे खिलाड़ी, इस बार देशी खिलाड़ियों का रहा जलवा

नई दिल्ली। आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में ना सिर्फ विदेशी खिलाड़ियों का बल्कि देशी खिलाड़ियों का भी खूब जलवा देखने को मिला। शुक्रवार को नीलामी के पहले दिन कई ऐसे खिलाड़ियों को करोड़ों में रकम मिलती दिखी, जिनसे पहले से ही काफी उम्मीदें लग रहीं थी। वहीं अगर बात की जाए आईपीएल 2022 में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ियों की तो डंका भारतीय खिलाड़ियों का बजता है। आइए जानें 5 सबसे महंगे खिलाड़ियों के बारे में-
यह भी पढ़ें- IPL 2022 : ईशान किशन ने तोड़ा धोनी का रिकाॅर्ड, मुंबई ने लगाई सबसे बड़ी बोली

ईशान किशन
मुंबई इंडियंस ने ईशान किशन को एक बार फिर अपने साथ जोड़ लिया है, लेकिन इसके लिए उसे सबसे बड़ी बोली लगानी पड़ी। किशन का बेस प्राइस 2 करोड़ था, लेकिन मुंबई ने उन्हें 15.25 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली के साथ खरीद लिया। ईशान नीलामी में बिकने वाले मुंबई के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए हैं। हालांकि रोहित शर्मा को 16 करोड़ दिए गए हैं, लेकिन उन्हें रिटेन किया गया है। ईशान को खरीदने के लिए सनराइजर्स हैदराबाज ने अंत तक लड़ाई रही, लेकिन मुंबई ने भी हार नहीं मानी। ईशान पिछले कुछ सालों से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। हालांकि नीलामी से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसलिए उन्होंने नीलामी में हिस्सा लिया।

दीपक चाहर
इस नीलामी में दीपक चाहर दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। चाहर को खरीदने के लिए कई टीमों के बीच होड़ मची हुई थी। उनका बेस प्राइस भी 2 करोड़ रुपए था। शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें खरीदने की दिलचस्पी दिखाई। फिर चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स मैदान में कूद पड़ीं। आखिर उनकी पुरानी आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई ने उन्हें 14 करोड़ रुपए की ऐतिहासिक बोली के साथ अपने साथ जोड़ लिया। गाैर हो कि चेन्नई ने किसी गेंदबाज के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी बोली लगाई है। चेन्नई ने दीपक चाहर को 2018 में 80 लाख रुपएमें खरीदा था, लेकिन अब इसकी कीमत करोड़ों में हो गई है।

श्रेयस अय्यर
भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। उन्होंने 2 करोड़ रुपए के बेस प्राइस के साथ नीलामी में प्रवेश किया था। लेकिन अंत में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 12 करोड़ 25 लाख रुपए में खरीदा। श्रेयस दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान थे। पिछले साल उन्होंने दिल्ली के लिए खेलते हुए आठ मैचों में 175 रन बनाए थे। उनकी कप्तानी में दिल्ली की टीम 2020 के आईपीएल सीजन में उपविजेता रही थी। उनके आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 87 मैचों में 2375 रन बनाए हैं।

शार्दुल ठाकुर
तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर इस बार दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर बल्लेबाजी में भी अच्छा योगदान देते हैं। उनके लिए नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच टक्कर थी, लेकिन अंत में दिल्ली ने उन्हें 10.75 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीद लिया। नीलामी के लिए शार्दुल का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था। हांलाकि शार्दुल के अलावा वानिदु हसरंगा (आरसीबी में), हर्षल पटेल (आरसीबी में) आैर निकोलस पूरन (हैदराबाद में) भी 10.75 करोड़ में बिके।

लॉकी फर्ग्यूसन
न्यू गुजरात टाइटन्स ने आखिरकार तेज गेंदबाज लकी फर्ग्यूसन को 10 करोड़ रुपए में खरीदा। वह पांचवें सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। इनका बेस प्राइस 2 करोड़ था। इसे खरीदने के लिए गुजरात की टीम ने पहले ही बोली लगानी शुरू कर दी थी। उनके साथ दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बोली लगाते दिखे, अंत में 10 करोड़ में गुजरात ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। पिछले सीजन में वह कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे। वह इससे पहले पुणे सुपर जायंट्स के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 2017 में आईपीएल में डेब्यू किया था। तब से अब तक उन्होंने आईपीएल में 22 मैचों में कुल 24 विकेट लिए हैं। साल 2021 में लाॅकी ने कोलकाता के लिए 8 मैचों में 13 विकेट लिए थे और टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। लाॅकी क अलावा प्रसिद्ध कृष्णा भी 10 करोड़ में बिके हैं, जिन्हें राजस्थान राॅयल्स ने लिया।












Click it and Unblock the Notifications