'अभी तो 19 नवम्बर के जख्म नहीं भरे थे कि..' ऑस्ट्रेलिया से फाइनल में हार से दुःखी भारतीय फैन्स का फूटा गुस्सा
India vs Australia Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीमों के बीच 19 नवम्बर 2023 को अहमदाबाद में वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला गया था। इसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। ऑस्ट्रेलिया ने खिताबी जीत दर्ज की थी। ऐसा ही कुछ इस बार हुआ है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीमों के बीच वर्ल्ड कप का फाइनल मैच दक्षिण अफ्रीका के बेनोनी में खेला गया और टीम इंडिया को इस मुकाबले में 79 रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से भारतीय टीम का सपना टूट गया। टीम इंडिया छठी बार खिताबी जीत दर्ज करने का सपना लेकर मैदान पर उतरी थी।

टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करना का निर्णय लिया और 7 विकेट खोकर बोर्ड पर 253 रनों का स्कोर लगा दिया। उनके लिए अब तक फ्लॉप रहे हरजन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 55 रनों की पारी खेली। भारत के लिए राज लिम्बानी को 3 विकेट मिले।
जवाबी पारी में खेलते हुए भारतीय टीम की पारी बिखर गई। बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते चले गए और दबाव भी बढ़ गया। ओपनर बल्लेबाज आदर्श सिंह और निचले क्रम से मुरुगन अभिषेक ने संघर्ष किया। आदर्श ने 47 और मुरुगन ने 42 रन बनाए और टीम इंडिया 174 पर आउट हो गई। हार के बाद भारतीय फैन्स काफी मायूस हो गए और कहा कि 19 नवंबर के जख्म भरे भी नहीं थे कि एक बार फिर से वही चीज दोहरा दी गई। फैन्स ने सोशल मीडिया पर अपना दुःख और गुस्सा दोनों जताया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीमों के बीच फाइनल हुए हैं। साल 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में भारत ने जीत दर्ज की थी, 2018 में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में हराया था।












Click it and Unblock the Notifications