RCB के पूर्व क्रिकेटर को बंगाल की बीजेपी सरकार ने बनाया मंत्री, मैदान पर 700 विकेट लेकर मचाया था तहलका
क्या आप सोच सकते हैं कि जिस खिलाड़ी ने अपनी तेज गेंदों और अनोखे जंपिंग एक्शन से दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों के होश उड़ाए, वह आज जनता की तकदीर बदल रहा है? भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसे नाम रहे हैं जिन्होंने संन्यास के बाद कमेंट्री बॉक्स या कोचिंग को चुना, लेकिन इस तेज गेंदबाज ने बिल्कुल अलग और बेहद चुनौतीपूर्ण रास्ता चुना।
हम बात कर रहे हैं बंगाल क्रिकेट के उस लड़ाके की, जिसने कभी घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी रफ्तार का लोहा मनवाया था। आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) जैसी बड़ी टीमों के लिए जान लगाने वाला यह खिलाड़ी आज खेल के मैदान से दूर, सियासत की पिच पर सबसे बड़ा छक्का लगा चुका है।

सुवेंदु अधिकारी ने बनाया मंत्री
इस खिलाड़ी की लोकप्रियता और जमीनी पकड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजनीति की पिच पर उतरते ही इन्होंने कइयों को क्लीन बोल्ड कर दिया। हाल ही में पश्चिम बंगाल के सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी नई भाजपा सरकार में अब इस खिलाड़ी को मंत्री बनाकर एक बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्य मंत्री बने अशोक डिंडा
जी हां, हम बात कर रहे हैं अशोक डिंडा की। क्रिकेट के मैदान पर 420 प्रथम श्रेणी विकेट लेने वाले डिंडा को कोलकाता के लोक भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में आधिकारिक तौर पर 'राज्य मंत्री' (MoS) पद की शपथ दिलाई गई है। यह उनके जीवन का सबसे बड़ा और सबसे खास टर्निंग पॉइंट बनकर सामने आया है।
TMC प्रत्याशी को दी मात
इस मुकाम तक पहुंचने के लिए डिंडा ने चुनावी मैदान में भी जबरदस्त पसीना बहाया। पूर्व मेदिनीपुर जिले की हॉट सीट माने जाने वाली 'मोयना विधानसभा' से उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रत्याशी को 16,000 से अधिक वोटों के भारी अंतर से हराया। डिंडा ने अकेले इस सीट पर कुल 51.6% वोट शेयर हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की।
देखा जाए तो साल 2021 में क्रिकेट को अलविदा कहने के तुरंत बाद शुरू हुआ उनका यह सफर, महज कुछ ही सालों में यहां तक पहुंच गया है। सरकार ने अपने 41 सदस्यीय नए मंत्रिपरिषद में डिंडा को शामिल करके युवाओं, खेल जगत और क्षेत्रीय संतुलन को साधने का एक बड़ा और बेहद रणनीतिक दांव खेला है।
धांसू रहा है क्रिकेट करियर
इंटरनेशनल क्रिकेट में अशोक डिंडा ने भले ही वनडे में 12 और टी20 में 17 विकेट झटके हैं लेकिन घरेलू क्रिकेट में तबाही मचा दी। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 420 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा लिस्ट ए और टी20 में 151-151 विकेट झटके। उनके कुल विकेटों की संख्या 722 है। यह भी संयोग की बात है कि आईपीएल में उनकी पूर्व टीम आरसीबी ने लगातार दूसरा टाइटल जीता है और आज डिंडा बंगाल सरकार में मंत्री बन गए।












Click it and Unblock the Notifications